छत्तीसगढ़

महिला दिवस पर नारी शक्ति का वंदन: रायपुर में आयोजित होगा वृहद महतारी वंदन सम्मेलन

रायपुर, 7 मार्च 2025। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च को रायपुर स्थित साइंस कॉलेज मैदान में एक भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस आयोजन में वृहद महतारी वंदन सम्मेलन और राज्य स्तरीय महिला मड़ई का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े सहित राज्य की सभी कैबिनेट मंत्री, सांसद, विधायक, रायपुर महापौर और अन्य गणमान्य अतिथि भी इस कार्यक्रम में भाग लेंगे।

महतारी वंदन योजना की 13वीं किश्त का वितरण

इस कार्यक्रम का एक अहम हिस्सा महतारी वंदन योजना की 13वीं किश्त का वितरण होगा, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय प्रदेश की लगभग 70 लाख महिलाओं को योजना की 13वीं किश्त का भुगतान करेंगे। महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 7,838 करोड़ रुपये की राशि 12 किश्तों में प्रदेश की माताओं-बहनों तक पहुंच चुकी है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में इस योजना के सफल संचालन के बाद राज्य की महिलाओं को हर साल इस योजना का लाभ मिल रहा है।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए ‘सम्मान सुविधा प्रणाली’ का शुभारंभ

महिला सशक्तिकरण के दिशा में एक और अहम कदम बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री श्री साय आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के लिए “सम्मान सुविधा प्रणाली” का शुभारंभ करेंगे। इस प्रणाली के माध्यम से कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को डिजिटल प्लेटफार्म पर मानदेय मिलेगा, जो पूरी तरह से पारदर्शी और समयबद्ध होगा। इस प्रणाली में फेशियल रिकग्निशन सिस्टम के माध्यम से उनकी उपस्थिति दर्ज की जाएगी, जिसके आधार पर उन्हें मानदेय का भुगतान किया जाएगा।

महिला सुरक्षा के लिए ‘सखी वन स्टॉप सेंटर’ की मानक संचालन प्रक्रिया

इसके अलावा, मुख्यमंत्री श्री साय उत्पीड़ित और संकटग्रस्त महिलाओं के लिए एक और महत्वपूर्ण डिजिटल सुविधा की शुरुआत करेंगे, जिसके तहत महिलाएं ऑनलाइन और मोबाइल एप के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज कर सकेंगी। साथ ही, महिला सुरक्षा को और बेहतर बनाने के लिए “सखी वन स्टॉप सेंटर” की मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का विमोचन किया जाएगा। छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य बनेगा जिसने सखी वन स्टॉप सेंटर के संचालन के लिए एक निर्धारित SOP को लागू किया है।

महिला सशक्तिकरण में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं का सम्मान

इस मौके पर राज्य की 32 उत्कृष्ट आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, 3 सर्वश्रेष्ठ सखी वन स्टॉप सेंटर, 2 नवा बिहान योजना के महिला संरक्षण अधिकारियों सहित अन्य महिला सशक्तिकरण में विशिष्ट उपलब्धि प्राप्त महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा।

राज्य स्तरीय महिला मड़ई: महिला उद्यमिता और स्वावलंबन का मंच

कार्यक्रम के दौरान राज्य स्तरीय महिला मड़ई का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें महिला स्व-सहायता समूहों और महिला उद्यमियों द्वारा बनाए गए उत्पादों का प्रदर्शन और विक्रय किया जाएगा। इस मड़ई में 100 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं, जिसमें महिला उत्पादकों द्वारा विभिन्न सामग्रियों का प्रदर्शन किया जा रहा है। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए विशेष स्टॉल भी लगाए गए हैं।

50,000 से अधिक महिलाओं की सहभागिता

इस भव्य आयोजन में प्रदेश भर से 50,000 से अधिक महिलाएं शामिल होंगी। इस महाकुंभ के जरिए न केवल महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा दिया जाएगा, बल्कि महिला उद्यमिता, सामाजिक उत्थान और आर्थिक स्वावलंबन को भी एक नई दिशा दी जाएगी।

नारी शक्ति का सम्मान

यह आयोजन छत्तीसगढ़ की माताओं, बहनों और बेटियों के सम्मान और सशक्तिकरण का महोत्सव होगा। महिला समृद्धि संबंधित शासकीय योजनाओं का प्रचार-प्रसार करके इसका लाभ अधिक से अधिक महिलाओं तक पहुंचाने की कोशिश की जाएगी।

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के इस खास अवसर पर आयोजित होने वाला यह आयोजन महिला सशक्तिकरण के एक नए अध्याय की शुरुआत साबित होगा, जो राज्य में महिलाओं की भूमिका को और मजबूत करेगा।

Also Read: Mahtari Vandan Yojna: महतारी वंदन योजना में नाम जोड़ने का ऐलान,योजना का बढ़ेगा दायरा, बजट में हो सकते हैं ये बड़े ऐलान

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button