CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें पुलिस की इमरजेंसी सेवा 112 ठप, ड्राइवरों ने खड़े किए वाहन, अबूझमाड़ तक पहुंची स्वास्थ्य सेवाएं, नाबालिग से दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 8 महीने से बांस कटाई मजदूरी अटकी, डोंगरगढ़ में नशे के कारोबार पर ताबड़तोड़ कार्रवाई, अंबेडकर अस्पताल में 50 दिन से ठप हार्ट सर्जरी, मेडिकल छात्रा से 11.50 लाख की ऑनलाइन ठगी, करंट की चपेट में आए 3 बिजली कर्मचारी, पामगढ़ विधायक का पुतला दहन कर भाजपा ने किया विरोध, छोटे भाई की चाकूबाजी से बड़े भाई की मौत समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।

पुलिस की इमरजेंसी सेवा 112 ठप, ड्राइवरों ने खड़े किए वाहन

Emergency Service: राजधानी में पुलिस की इमरजेंसी सेवा 112 रविवार दोपहर से ठप हो गई है। ड्राइवरों ने अपनी-अपनी गाड़ियां कंट्रोल रूम में खड़ी कर हड़ताल शुरू कर दी, जिससे पेट्रोलिंग और तुरंत रिस्पांस की व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। जानकारी के मुताबिक, गुड़गांव की जिस एजेंसी के माध्यम से यह सेवा संचालित हो रही है, उसने पुलिस विभाग से संचालन के लिए लाखों रुपये वसूल लिए हैं, लेकिन पिछले दो महीने से ड्राइवरों को वेतन नहीं दिया गया। बकाया भुगतान न मिलने से नाराज ड्राइवरों ने वाहन खड़ा कर सेवा बंद कर दी, जिससे राजधानी में आपातकालीन स्थिति से निपटने में पुलिस को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

अबूझमाड़ से लगे कोंडे गांव तक पहुंची स्वास्थ्य सेवाएं

Health Services: बस्तर संभाग के दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार लगातार जारी है। बरसात के मौसम में उफनती इंद्रावती नदी पार कर बीजापुर जिले के ग्राम कोंडे तक स्वास्थ्य दल नाव चलाकर पहुंचा। यहां 132 मरीजों की जांच की गई, जिनमें मलेरिया, सर्दी-खांसी और त्वचा रोग प्रमुख रहे। खासतौर पर 10 गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण, परामर्श और संपूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” अभियान के तहत मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष ध्यान दिया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के नेतृत्व में यह पहल नक्सल प्रभावित क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की बड़ी सफलता मानी जा रही है।

नाबालिग को बहला-फुसलाकर मुंबई ले जाकर किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

Crime Case: खड़गांव थाना क्षेत्र से नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर मुंबई ले जाकर दुष्कर्म करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी नवीन कुमार मांझी ने किशोरी को घर से भगाकर राजनांदगांव और फिर मुंबई ले जाकर कंस्ट्रक्शन साइट पर रखा, जहां लगातार शारीरिक शोषण किया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को उसके गृह ग्राम भैंसबोड़ से गिरफ्तार किया और पीड़िता को सुरक्षित बरामद किया। आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 64(1) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4, 6 के तहत मामला दर्ज कर जेल भेजा गया है।

मजदूरों को 8 महीने से नहीं मिला बांस कटाई का भुगतान

Pending Wages: कांकेर जिले के पखांजूर क्षेत्र के बॉलिगढ़ (A) के 70 मजदूरों को बांस कटाई का भुगतान 8 महीने बाद भी नहीं मिला है। मजदूरों का 11 लाख 37 हजार 410 रुपये बकाया है। मजदूर लगातार विभाग के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन केवल “आज-कल” का आश्वासन दिया जा रहा है। त्योहारी सीजन में मजदूरी न मिलने से ग्रामीण परिवार बेहद परेशान हैं। कई मजदूरों ने कहा कि घर में न अनाज है, न कपड़े पूजा का समय होने पर भी जिंदगी मुश्किल में फंसी हुई है। ग्रामीणों ने जल्द भुगतान करने की मांग की है, लेकिन विभाग की लापरवाही से मजदूरों में भारी नाराजगी है।

डोंगरगढ़ में नशे के कारोबार पर ताबड़तोड़ कार्रवाई

Anti-Drugs Operation: डोंगरगढ़ में पुलिस ने 48 घंटे के भीतर नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की। सबसे पहले चाकूबाजी कर लोगों को डराने वाले आरोपी श्रेयांस तिवारी को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद शराब तस्कर गुलाब राम साहू से 35 पौवा शराब और फरार आरोपी की एक्टिवा से 93 कैन बियर व 12 बोतल अंग्रेजी शराब जब्त की गई। पुलिस ने गांजा और नशीली दवाओं के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करते हुए फारूख खान से 972 ग्राम गांजा और नागेश्वर उइके से 97 नशीली गोलियां जब्त कीं। सभी आरोपियों को जेल भेजा गया है। पुलिस की लगातार कार्रवाई से यह साफ है कि डोंगरगढ़ में नशे का बड़ा नेटवर्क सक्रिय था, जिस पर अब शिकंजा कसा जा रहा है।

अंबेडकर अस्पताल में 50 दिन से ठप हैं हार्ट सर्जरी

Health Crisis: रायपुर के डॉ. बी. आर. अंबेडकर अस्पताल के एडवांस कार्डियेक इंस्टिट्यूट (एसीआई) में पिछले 50 दिनों से बायपास और ओपन हार्ट सर्जरी बंद हैं। कारण है सर्जरी के लिए आवश्यक सामग्रियों और उपकरणों की कमी। हार्ट मरीजों को मजबूरन निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ रहा है। वॉल्व, हार्ट-लंग मशीन, आर्टिफिशियल ग्राफ जैसी जरूरी सामग्री खत्म हो चुकी है और नई खरीद प्रक्रिया लंबित है। विशेषज्ञ डॉक्टरों और स्टाफ की कमी ने भी हालात बिगाड़ दिए हैं। प्रदेश का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल होने के बावजूद यहां स्वास्थ्य सेवाओं का संकट गहराता जा रहा है।

मेडिकल स्टूडेंट से 11.50 लाख की ऑनलाइन ठगी

Online Fraud: रायपुर की मेडिकल छात्रा पाखी वर्मा को “ऑनलाइन जॉब” के नाम पर ठगों ने 11.50 लाख रुपये का चूना लगा दिया। शुरुआत में छोटे टॉस्क कराकर उसके खाते में थोड़ी रकम डाली गई, फिर बड़े टॉस्क के नाम पर 5 हजार, 50 हजार, डेढ़ लाख और अंत में 4.5 लाख रुपये फाइन के रूप में जमा करा लिए गए। धीरे-धीरे छात्रा ठगों के झांसे में आकर साढ़े 11 लाख रुपये ट्रांसफर कर बैठी। फ्रॉड का अहसास होने के बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पंडरी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

काम के दौरान करंट की चपेट में आए 3 बिजली कर्मचारी

Power Department Negligence: सक्ती जिले के हसौद क्षेत्र में काम के दौरान 3 बिजली कर्मचारी करंट की चपेट में आकर झुलस गए। इनमें से 2 की हालत गंभीर है। बताया जा रहा है कि कर्मचारी खंभे पर काम कर रहे थे, तभी विभाग ने बिना सूचना के अचानक बिजली सप्लाई चालू कर दी। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। विभागीय लापरवाही पर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और जांच की जा रही है।

पामगढ़ विधायक का पुतला दहन, भाजपा महिला मोर्चा ने किया विरोध

Political Protest: पामगढ़ विधायक शेषराज हरवंश का कथित रेत माफिया से बातचीत वाला ऑडियो वायरल होने के बाद भाजपा ने कड़ा विरोध जताया। भाजपा महिला मोर्चा ने अंबेडकर चौक पर विधायक का पुतला दहन किया और “रेत चोर, गद्दी छोड़” के नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान विधायक से इस्तीफे की मांग की गई। इस मौके पर भाजपा महिला मोर्चा पदाधिकारी संतोषी सिंह, जिला अध्यक्ष अंबे जांगड़े और अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

भाई की चाकूबाजी में बड़ा भाई घायल, मौत से फैली सनसनी

Murder Incident: जांजगीर-चांपा जिले के नैला थाना क्षेत्र में विवाद के दौरान छोटा भाई ही बड़े भाई की मौत का कारण बन गया। दरअसल, जितेंद्र सूर्यवंशी का अज्ञात युवक से विवाद हो गया था। वह चाकू लेकर आया और हमला करने की कोशिश की, लेकिन बीच-बचाव कर रहे उसके बड़े भाई मुकेश को ही चाकू लग गया। मुकेश को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Also Read: One-Way Rule: अब नवा रायपुर एयरपोर्ट पहुंचना होगा आसान, VIP रोड पर 22 सितंबर से लागू होगा वन-वे नियम

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button