
रायपुर: राजधानी रायपुर में ‘छत्तीसगढ़ फुटबॉल चैंपियंस लीग’ का भव्य शुभारंभ आज, 29 अक्टूबर 2025 को होने जा रहा है। छत्तीसगढ़ में पेशेवर खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से, वीर स्पोर्ट्स क्लब ने छत्तीसगढ़ फुटबॉल एसोसिएशन से संबद्धता प्राप्त कर यह प्रदेश की सबसे बड़ी फ्रेंचाइजी लीग रात्रिकालीन फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित की है। क्लब का लक्ष्य है कि प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के मंच पर खेलने का अनुभव मिले।

ISL की तर्ज पर 9ए साइड फॉर्मेट
क्लब के अध्यक्ष, अधिवक्ता प्रवीण जैन ने बताया कि यह प्रतियोगिता इंडियन सुपर लीग (ISL) की तर्ज पर आयोजित की जा रही है। यह 9ए साइड फॉर्मेट की प्रतियोगिता होगी, जिसमें रोमांचक मुक़ाबले देखने को मिलेंगे। लीग का रंगारंग उद्घाटन समारोह आज सायं 5:30 बजे से स्वामी विवेकानंद स्टेडियम (कोटा स्टेडियम), रायपुर की दूधिया रोशनी में होगा, जिसके तुरंत बाद मैच शुरू हो जाएंगे।
भारतीय दिग्गज और विदेशी खिलाड़ी बढ़ाएंगे रोमांच
इस लीग का मुख्य आकर्षण भारतीय फुटबॉल के दिग्गज खिलाड़ी धर्मराज रावणन होंगे। उनके साथ अफ्रीकी मूल के कई पेशेवर विदेशी खिलाड़ी भी इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे, जिससे मैच का रोमांच कई गुना बढ़ जाएगा और स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतरीन अनुभव मिलेगा।
उद्घाटन में शामिल होंगी ये हस्तियां
प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी धर्मराज रावणन के अलावा, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, शहर के कॉर्पोरेट्स और ब्यूरोक्रेट्स समेत बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहेंगे।
10 टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी
यह प्रतियोगिता 29 अक्टूबर से शुरू होकर 9 नवंबर को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ समाप्त होगी। दर्शकों के लिए हर दिन 5 मैच आयोजित किए जाएंगे। इस लीग में खिताब के लिए कुल 10 फ्रेंचाइजी टीमें मैदान में उतरेंगी, जिनके नाम इस प्रकार हैं:
- ब्रह्मविद एफसी (Brahmvid FC)
- मेट्स पैंथर्स (Mates Panthers)
- विला एफसी (Villa FC)
- फ़िल फाइटर्स (Fill Fighters)
- नरेश चैलेंजर्स (Naresh Challengers)
- स्वर्ण शिल्पी ब्लास्टर्स (Swarn Shilpi Blasters)
- बोर्नियो कैपिटल (Borneo Capital)
- जेएसएफ क्लब (JSF Club)
- इनफिनिटी टाइगर्स (Infinity Tigers)
- शराफत लायंस (Sharafat Lions)



