CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें गरियाबंद में 22 हीरा जैसे खनिजों के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, सुकमा-दंतेवाड़ा सीमा पर IED ब्लास्ट में CRPF जवान घायल, मरवाही में भ्रष्ट रेंजर पर गिरी गाज से वन विभाग में हड़कंप, बलरामपुर में यूपी के बिचौलियों से बरामद हुई 143 बोरी धान, मंत्री राजेश अग्रवाल के सहायक की नियुक्ति शैक्षणिक योग्यता में कमी के चलते रद्द, रायगढ़ में नाबालिग से गैंगरेप के चार आरोपी गिरफ्तार, जगदलपुर में दो बांग्लादेशी चोर धराए, भिलाई मेडिकल कॉलेज की निर्माणाधीन बिल्डिंग गिरने से 9 मजदूर घायल, रायपुर में ‘फायरमैन’ ने कई वाहन और घरों में लगाई आग, बारनवापारा अभ्यारण्य में बाघ की मौजूदगी से वन विभाग अलर्ट समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।

Table of Contents

पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 22 नग हीरा जैसे खनिजों के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

Diamond Smuggling: गरियाबंद पुलिस ने अपराधियों के मंसूबों पर फिर से ब्रेक लगाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। देवभोग थाना पुलिस ने दो अंतरराज्यीय तस्करों को 22 नग बहुमूल्य हीरा जैसे खनिज पदार्थों के साथ गिरफ्तार किया है। मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने ग्राम देवभोग के आईटीआई कॉलेज के सामने संदिग्ध व्यक्तियों को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अवैध रूप से इन पत्थरों को बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे। बरामद सामग्री की कुल कीमत लगभग 4 लाख रुपये आंकी गई है। दोनों के खिलाफ माइनिंग एक्ट की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

सुकमा-दंतेवाड़ा सीमा में IED ब्लास्ट, CRPF का डॉग हैंडलर जवान घायल

IED Blast: सुकमा-दंतेवाड़ा की सीमा के गोंगुडा पहाड़ में रविवार को सर्चिंग के दौरान 74 बटालियन के CRPF जवान आईईडी की चपेट में आ गए। जवान के पैर में गंभीर चोट आई है। घायल जवान को जंगल से निकालकर पहले मुलेर कैंप और फिर हेलीकॉप्टर से रायपुर एयरलिफ्ट किया गया। बताया जा रहा है कि सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों को क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों के संकेत मिले थे। सुकमा एसपी किरण चह्वाण खुद मौके पर मौजूद थीं और उन्होंने स्थिति की समीक्षा की।

मरवाही में भ्रष्ट रेंजर पर कार्रवाई, वन विभाग में मचा हड़कंप

Forest Corruption: मरवाही वनमंडल में गंभीर वित्तीय अनियमितताओं और लापरवाही के आरोपों में रेंजर रमेश खैरवार को हटा दिया गया है। PCCF व्ही. श्रीनिवास राव ने जांच रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की। जांच में पाया गया कि रेंजर ने फर्जी भुगतान, मजदूरी बिलों में हेराफेरी और वन्यजीवों की मौत के मामलों में गंभीर लापरवाही की। मरवाही डीएफओ ग्रीष्मी चांद की रिपोर्ट के बाद उच्चाधिकारियों ने तुरंत आदेश जारी किए। अब रेंजर को बिलासपुर के CCF कार्यालय में अटैच किया गया है। विभाग में इस कार्रवाई के बाद हड़कंप मच गया है।

धान खरीदी से पहले यूपी के बिचौलिए सक्रिय, जंगल में 143 बोरी धान बरामद

Paddy Smuggling: बलरामपुर जिले में धान खरीदी शुरू होने से पहले ही यूपी के बिचौलिए सक्रिय हो गए हैं। राजस्व और पुलिस टीम ने अवैध धान परिवहन करते हुए एक पिकअप वाहन को पकड़ा और 143 बोरी धान जब्त किया। टीम के पहुंचने की भनक लगते ही दो अन्य वाहन जंगल में धान छोड़कर फरार हो गए। एसडीएम नेताम ने बताया कि जिले में अवैध धान भंडारण और परिवहन पर सख्त निगरानी रखी जा रही है और गश्त और तेज़ की जाएगी।

मंत्री राजेश अग्रवाल के निजी सहायक की नियुक्ति रद्द, शैक्षणिक योग्यता में कमी

Raipur Appointment: रायपुर में कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल के निजी सहायक तबरेज आलम की नियुक्ति रद्द कर दी गई है। सामान्य प्रशासन विभाग ने बताया कि तबरेज आलम केवल आठवीं पास हैं जबकि नियम के अनुसार न्यूनतम योग्यता 12वीं पास आवश्यक है। पत्र में स्पष्ट किया गया कि इस कारण पदस्थापना संभव नहीं है। मंत्री राजेश अग्रवाल हाल ही में मंत्रिमंडल विस्तार में नए मंत्री बने हैं और सरगुजा क्षेत्र में उनका राजनीतिक प्रभाव मजबूत है।

रायगढ़ में नाबालिग से गैंगरेप, चार आरोपी गिरफ्तार

Raigarh Gangrape: रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र में मेले से लौट रही 17 वर्षीय नाबालिग के साथ चार युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपियों ने पीड़िता के दोस्त की पिटाई कर उसे जबरन जंगल की ओर खींच लिया और घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने सभी चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया है और ग्रामीणों ने आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग की है।

बांग्लादेशी आरोपी गिरफ्तार, चोरी के कई मामलों का खुलासा

Jagdalpur Crime: जगदलपुर पुलिस ने चोरी की घटनाओं में शामिल दो बांग्लादेशी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी लंबे समय से उड़ीसा में रहकर चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों से चोरी का सामान बरामद किया गया है। पुलिस अब इनसे पूछताछ कर अन्य नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश कर रही है।

मेडिकल कॉलेज की निर्माणाधीन बिल्डिंग ढही, 9 मजदूर घायल

Bhilai Accident: भिलाई के जुनवानी इलाके में मेडिकल कॉलेज की निर्माणाधीन बिल्डिंग की सेंटरिंग गिरने से 9 मजदूर घायल हो गए। हादसा रविवार दोपहर ढलाई के दौरान हुआ जब 25 से अधिक मजदूर काम कर रहे थे। दो मजदूरों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और ठेकेदार से जवाब मांगा गया है।

रायपुर में ‘फायरमैन’ का कहर, कई वाहन और घर जलाकर भागा अज्ञात शख्स

Raipur Fireman: रायपुर के संतोषी नगर में एक अज्ञात व्यक्ति ने पेट्रोल और माचिस के सहारे कई वाहनों और एक गोदामनुमा घर में आग लगा दी। स्थानीय लोगों के मुताबिक आरोपी रातभर गलियों में घूमकर आगजनी करता रहा। आग से ई-रिक्शा, दो बाइक, एक्टिवा और दूध का गोदाम जलकर राख हो गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।

बारनवापारा अभ्यारण्य में बाघ की मौजूदगी, वन विभाग अलर्ट

Tiger Movement: बलौदाबाजार जिले के बारनवापारा अभ्यारण्य में बाघ की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद वन विभाग अलर्ट पर है। डीएफओ गणवीर धम्मशील ने बताया कि यह बाघ संभवतः देवभोग क्षेत्र से आया है। वन विभाग ने कैमरा ट्रैप और ट्रैकिंग तकनीक से निगरानी बढ़ा दी है। यह क्षेत्र पहले भी बाघों और हाथियों की गतिविधियों का गवाह रहा है। विभाग ने पर्यटकों के लिए विशेष सावधानी बरतने के निर्देश जारी किए हैं।

Also Read: उपमुख्यमंत्री अरुण साव के निजी कार्यक्रम का कोई भुगतान नहीं: लोक निर्माण विभाग का स्पष्टीकरण! बिंदुवार भुगतान की दी जानकारी…

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button