
Raipur Cricket Match Tickets Price: रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 3 दिसंबर को होने वाले भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरे वनडे मैच को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ ने आज मैच की तैयारियों और टिकटों के दाम आधिकारिक रूप से घोषित कर दिए हैं। इस बार स्टूडेंट्स को विशेष राहत देते हुए टिकट की दरों में कटौती की गई है, जबकि दिव्यांग बच्चों को मुफ्त प्रवेश (FREE Entry) मिलेगा।
टिकट बिक्री 22 नवंबर से ऑनलाइन, 24 से ऑफलाइन
अंतरराष्ट्रीय मुकाबले को लेकर उत्सुकता के बीच टिकट बिक्री की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। टिकटों की ऑनलाइन बिक्री 22 नवंबर से आधिकारिक वेबसाइट www.ticketgini.in पर शुरू होगी। संघ ने दर्शकों को भीड़ से बचने के लिए ऑनलाइन टिकट खरीदने की सलाह दी है। वहीं, जो दर्शक ऑफलाइन टिकट खरीदना चाहते हैं, वे 24 नवंबर से रायपुर के इंडोर स्टेडियम में जाकर टिकट खरीद सकते हैं।
छात्रों को ₹1000 का टिकट ₹800 में, दिव्यांग बच्चों के लिए मुफ्त एंट्री
टिकट प्राइस लिस्ट में इस बार स्टूडेंट्स के लिए खास ऑफर रखा गया है। छात्रों को राहत देते हुए पिछली बार के ₹1000 वाले टिकट को अब ₹800 में उपलब्ध कराया जाएगा, जिसके लिए उन्हें वैध स्टूडेंट ID दिखाना अनिवार्य होगा। इसके अलावा, छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ ने दिव्यांग बच्चों के लिए मैच में मुफ्त प्रवेश की घोषणा की है। आम दर्शकों के लिए टिकट की दरें ₹1500 से शुरू होकर ₹3500 तक हैं, जबकि प्रिमियम कैटेगरी (सिल्वर, गोल्ड, प्लैटिनम और कॉर्पोरेट) के टिकट ₹6000 से ₹20,000 प्रति सीट तक रखी गई हैं।
स्टेडियम में जनरेटर से जलेगी फ्लड लाइट, आएगा मोटा खर्च
स्टेडियम में मैच के दौरान एक बड़ी चुनौती सामने आई है। वर्तमान में स्टेडियम में फ्लड लाइट जलाने के लिए पर्याप्त बिजली कनेक्शन नहीं है, केवल 200 किलोवाट का जनरल कनेक्शन है। फ्लड लाइट (6 हाई मास्ट लाइट) जलाने के लिए 600 केवी से अधिक बिजली की आवश्यकता होगी। इसलिए, पूरा मैच जनरेटर से कराया जाएगा। वनडे मैच को जनरेटर से कराने में प्रतिदिन ₹2.50 लाख रुपए से अधिक का खर्च आने का अनुमान है।
अपर, लोअर और प्रिमियम स्टैंड के लिए टिकट दरें
टिकट की कीमतों को स्टैंड और कैटेगरी के आधार पर तय किया गया है। स्टूडेंट टिकट की कुल 1500 सीट रहेंगी। आम दर्शकों के लिए विभिन्न स्टैंड की दरें इस प्रकार हैं: ₹1500, ₹2500, ₹3000 और ₹3500। वहीं, प्रिमियम कैटेगरी में सिल्वर टिकट ₹6000 (गेट 12 से एंट्री), गोल्ड टिकट ₹8000, प्लैटिनम टिकट ₹10000 (गेट 15 से एंट्री) और कॉर्पोरेट बॉक्स ₹20,000 प्रति सीट (गेट 12-15 से एंट्री) निर्धारित की गई हैं।



