
New Co-operative Society: छत्तीसगढ़ में खेती-किसानी को मजबूत करने के लिए सरकार एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज यानी 15 अप्रैल को प्रदेश की 515 नई प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) का ऑनलाइन शुभारंभ करेंगे। रायपुर स्थित मंत्रालय महानदी भवन से होने वाले इस कार्यक्रम के जरिए प्रदेश के हजारों किसानों को सीधा फायदा पहुंचने की उम्मीद है। इस योजना को केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है ताकि गांव-गांव तक बैंकिंग और कृषि सुविधाएं पहुंचाई जा सकें।
मंत्रालय में होगा भव्य आयोजन, मंत्री केदार कश्यप करेंगे अध्यक्षता
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्यमंत्री साय मुख्य अतिथि के रूप में समितियों का उद्घाटन करेंगे जबकि सहकारिता मंत्री केदार कश्यप कार्यक्रम की अध्यक्षता संभालेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत विभाग के सचिव डॉ. सीआर प्रसन्ना के संबोधन से होगी। सरकार का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में सहकारिता के ढांचे को विस्तार देना है जिससे छोटे और सीमांत किसानों को खाद और बीज के लिए भटकना न पड़े।
घर के पास मिलेंगी सुविधाएं, बिचौलियों से मिलेगी मुक्ति
सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने बताया कि इन नई समितियों के बनने से किसानों की सबसे बड़ी समस्या दूर हो जाएगी। अब उन्हें खेती के लिए कर्ज, खाद और बीज लेने के लिए दूर के चक्कर नहीं लगाने होंगे। ये तमाम सुविधाएं उनके स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो जाएंगी। इससे न सिर्फ किसानों का समय बचेगा बल्कि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ भी बिना किसी देरी के सीधे तौर पर मिल सकेगा। सरकार का मानना है कि इस कदम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था में नई जान आएगी और खेती अब पहले से ज्यादा आसान हो जाएगी।



