
रायपुर CG Liquor Scam: छत्तीसगढ़ के चर्चित 2161 करोड़ रुपये के शराब घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई तेज हो गई है। इस मामले में छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री कवासी लखमा के बेटे, हरीश लखमा को ईडी ने तलब किया है। हरीश लखमा आज सुबह अपने वकील के साथ ईडी दफ्तर पहुंचे, जहां उनसे घोटाले से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों के लिए पूछताछ शुरू कर दी गई है। सूत्रों के मुताबिक, इस पूछताछ के बाद हरीश लखमा की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।
बता दें कि 15 जनवरी को ईडी ने शराब घोटाले में पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा को गिरफ्तार किया था। 21 जनवरी को उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां उन्हें 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। अब 5 फरवरी को एक बार फिर उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा।
ईडी के अधिकारियों के अनुसार, 2019 से 2022 तक कांग्रेस सरकार के दौरान छत्तीसगढ़ में लाइसेंसी शराब दुकानों पर डुप्लिकेट होलोग्राम लगाकर बड़े पैमाने पर अवैध शराब बेची गई थी। इसके चलते राज्य को करोड़ों रुपये का राजस्व नुकसान हुआ। इस घोटाले में नकली होलोग्राम बनाने के लिए उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित PHSE (प्रिज्म होलोग्राफी सिक्योरिटी फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड) कंपनी को टेंडर दिया गया था, जिससे शराब की स्कैनिंग से बचा जा सके।
अब ईडी इस घोटाले में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की तैयारी कर रही है, और हरीश लखमा की पूछताछ इस दिशा में अहम कड़ी साबित हो सकती है।



