
दुर्ग: Nun Case Update: छत्तीसगढ़। केरल की दो कैथोलिक ननों की दुर्ग जिले में हुई गिरफ्तारी ने राज्य और राष्ट्रीय राजनीति में हलचल मचा दी है। धर्मांतरण और मानव तस्करी के आरोपों को लेकर हुई इस कार्रवाई पर अब भाजपा और बजरंग दल आमने-सामने हैं।

Kerala BJP President: केरल भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने वीडियो संदेश जारी कर छत्तीसगढ़ पुलिस की कार्रवाई को अनुचित बताया है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार ननों का धर्मांतरण से कोई संबंध नहीं है और भाजपा उन्हें न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी। उन्होंने बताया कि पार्टी के प्रदेश महासचिव इस समय छत्तीसगढ़ में स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
Durg News: राजीव चंद्रशेखर ने यह भी स्वीकार किया कि छत्तीसगढ़ में आदिवासी आबादी अधिक है और वहां धर्मांतरण विरोधी कानून लागू है, लेकिन फिर भी उन्हें पूरा विश्वास है कि ननों पर लगे आरोप निराधार हैं।
गृह मंत्री से भाजपा नेताओं की मुलाकात
ननों की गिरफ्तारी के विरोध में केरल भाजपा के महामंत्री अनूप एंटोनी रायपुर पहुंचे और राज्य के गृह मंत्री विजय शर्मा से उनके निवास पर मुलाकात की। इस बैठक में केरल की मीडिया भी बड़ी संख्या में मौजूद रही।

बजरंग दल ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी
Bajrang Dal Protest: वहीं बजरंग दल के प्रदेश अध्यक्ष ऋषि मिश्रा ने इस मामले को लेकर गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में लीपापोती की जा रही है। यदि राज्य सरकार और केरल भाजपा मिलकर इस प्रकरण को दबाते हैं, तो बजरंग दल बड़ा आंदोलन करेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि सरकार बनने के बाद से बजरंग दल प्रदेश में धर्मांतरण के मामलों का खुलासा करता रहा है, और प्रशासन ने कई मामलों में कार्रवाई भी की है। लेकिन दुर्ग मामले में सरकार का रुख संतोषजनक नहीं है।
दिल्ली से लेकर केरल तक सियासी हलचल
Nun Arrest: ननों की गिरफ्तारी के बाद से कांग्रेस नेताओं ने भी इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाया है। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और केसी वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया पर इस कार्रवाई की निंदा की है। राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि ननों को उनकी आस्था के कारण जेल भेजना “गुंडा राज” है।
संसद में उठा मामला
28 जुलाई को संसद भवन के बाहर केरल की कांग्रेस नीत UDF के सांसदों ने इस घटना के विरोध में प्रदर्शन किया। AICC महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि ननों की गिरफ्तारी और उत्पीड़न लोकतंत्र के खिलाफ है।
INDIA गठबंधन के नेताओं की जेल में मुलाकात
आज INDIA गठबंधन के कई सांसद जैसे बेनी बहनन, फ्रांसिस जॉर्ज, एनके प्रेमचंदन, और अनिल ए थॉमस समेत छत्तीसगढ़ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल व ताम्रध्वज साहू ने दुर्ग जेल जाकर ननों से मुलाकात की और विस्तार से बातचीत की। सांसदों ने केंद्र सरकार पर अल्पसंख्यकों के उत्पीड़न का आरोप लगाया और कानूनी लड़ाई की रणनीति बनाई।
जानिए क्या है मामला
यह मामला 25 जुलाई को सामने आया था जब दुर्ग रेलवे स्टेशन पर बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने दो ननों और एक युवक को मानव तस्करी और धर्मांतरण के आरोप में रोका। आरोप था कि वे नारायणपुर जिले की तीन लड़कियों को बहला-फुसलाकर आगरा ले जा रहे थे। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर सभी को GRP के हवाले कर दिया।
मामले की जांच के बाद धर्मांतरण अधिनियम की धारा 4 के तहत मामला दर्ज कर तीनों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया।



