
CG Top 10 news Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करें।
GST पर ओ.पी. चौधरी का बड़ा बयान – फर्जीवाड़े पर लगाम कसने की जरूरत
O.P. Choudhary GST Statement: दिल्ली में हुई जीएसटी सुधारों पर मंत्रियों की बैठक में छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने जोरदार तरीके से अपनी बात रखी। चौधरी ने साफ कहा कि जीएसटी के मौजूदा सिस्टम में कुछ ऐसे बिंदु हैं, जहां सुधार की सख्त ज़रूरत है। उन्होंने बोगस पंजीकरण और फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट पर नकेल कसने के लिए टेक्नोलॉजी के बेहतर इस्तेमाल का सुझाव दिया। बैठक में उन्होंने छत्तीसगढ़ में हुए अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि कैसे तकनीक की मदद से उन्होंने फर्जीवाड़ों पर लगाम लगाई। इस अहम बैठक की अगुवाई गोवा के सीएम प्रमोद सावंत ने की।
महादेव सट्टा एप कांड में बड़ी कार्रवाई – जयपुर से तीन आरोपी रायपुर लाए गए
Mahadev Betting App Arrests: महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले में ईडी की टीम ने जयपुर से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर रायपुर ले आई है। ये सभी आरोपी सीधे या परोक्ष रूप से इस ऑनलाइन जुए के नेटवर्क से जुड़े हुए हैं। सूत्रों के मुताबिक, जिन आरोपियों को पकड़ा गया है, वो सौरभ आहुजा के करीबी हैं। खास बात ये रही कि जिस वक्त ईडी की टीम जयपुर पहुंची, उसी दौरान शादी समारोह में शामिल सौरभ होटल से भाग निकला। अब ईडी इन आरोपियों से गहन पूछताछ करेगी।
छत्तीसगढ़ के स्कूलों में अब नहीं रहेगी शिक्षक की कमी, युक्तियुक्तकरण ने किया बड़ा बदलाव
Teacher Rationalization CG: शिक्षा व्यवस्था में सुधार की दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार का युक्तियुक्तकरण मॉडल जबरदस्त तरीके से सफल होता दिख रहा है। इस प्रक्रिया से पहले राज्य के 453 स्कूल ऐसे थे जहां एक भी शिक्षक नहीं था। अब तस्वीर पूरी तरह से बदल गई है।सिर्फ यही नहीं, राज्य के 5936 एकल शिक्षक वाले स्कूलों में से 4728 स्कूलों में अब अतिरिक्त शिक्षकों की नियुक्ति हो चुकी है। इसका सीधा फायदा छात्रों को मिल रहा है – पढ़ाई बेहतर हो रही है और शिक्षा की गुणवत्ता में इजाफा हो रहा है।
रायपुर निगम का डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन – अब ई-चालान और ई-नोटिस से होगा काम
Raipur Smart City Digital Notice: रायपुर नगर निगम ने अपने कामकाज को और तेज और पारदर्शी बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। अब निर्माण कार्यों समेत अन्य मामलों में ई-नोटिस और ई-चालान जारी किए जाएंगे।निगम आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि अब हर प्रक्रिया को डिजिटल रूप में किया जाए ताकि न सिर्फ लोगों का समय बचे, बल्कि भ्रष्टाचार की गुंजाइश भी खत्म हो।
बिलासपुर में डायरिया ने दी दस्तक – 15 दिन में 100 से ज्यादा मरीज, सतर्क रहें
Bilaspur Diarrhea Outbreak: बारिश के साथ ही बिलासपुर के रतनपुर इलाके में डायरिया का प्रकोप तेजी से फैल रहा है। बीते दस दिनों में रतनपुर के सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में करीब 80 मरीज भर्ती हुए हैं, जिनका इलाज जारी है।डॉक्टरों की टीम चौबीसों घंटे तैनात है और मरीजों को मुफ्त में दवाइयां, इंजेक्शन और अन्य सुविधाएं दी जा रही हैं। रोजाना 10 से 15 मरीज उल्टी-दस्त की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं। लोगों से अपील है कि साफ-सफाई का खास ध्यान रखें और संक्रमित पानी से बचें।
भूस्खलन से ट्रेनों की रफ्तार थमी, जगदलपुर में फंसी मालगाड़ियां
Jagdalpur Train Landslide Update: ओडिशा के कोरापुट ज़िले के पास मल्लीगुड़ा और जराटी स्टेशनों के बीच जबरदस्त भूस्खलन हुआ है। इस वजह से किरंदुल-विशाखापत्तनम रेल लाइन पूरी तरह ठप पड़ी है। जगदलपुर स्टेशन पर बीते तीन दिनों से यात्री ट्रेनें और मालगाड़ियां खड़ी हैं। रेलवे ने ट्रैक पर गिरे मलबे को हटाने के लिए करीब 300 मज़दूर और 13 हाईटेक मशीनें लगा दी हैं, लेकिन लगातार बारिश ने काम की रफ्तार धीमी कर दी है।
खड़गे के दौरे से पहले कांग्रेस कैंप में हलचल, राजीव भवन में बैठकें
Congress Meeting at Rajiv Bhawan: छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने 7 जुलाई को राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के दौरे की तैयारियों को लेकर मोर्चा खोल दिया है। रायपुर के राजीव भवन में शुक्रवार को एक बड़ी बैठक हुई, जिसमें पूर्व सीएम भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत और प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
बारिश में बढ़ा सर्पदंश का खतरा, झाड़-फूंक नहीं, सीधे अस्पताल जाएं: स्वास्थ्य विभाग
Snakebite Advisory by CG Health Dept: बरसात आते ही सांप-बिच्छू बाहर निकलने लगते हैं और इंसानों के संपर्क में भी आ जाते हैं। छत्तीसगढ़ में सर्पदंश की घटनाएं हर साल इस मौसम में बढ़ जाती हैं। लेकिन समस्या तब गंभीर हो जाती है जब लोग झाड़-फूंक और ओझा-तंत्र पर भरोसा कर लेते हैं।स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी कर साफ कहा है कि सांप के काटने पर पीड़ित को फौरन अस्पताल ले जाएं। एंटीवेनम का इलाज केवल अस्पताल में होता है, झाड़-फूंक से नहीं। देरी से इलाज शुरू करने पर विष शरीर में फैल सकता है और जान बचाना मुश्किल हो जाता है।
हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: BE डिग्रीधारकों को नौकरी से निकालना गलत
CG High Court BE Degree Judgment: बिलासपुर हाईकोर्ट ने छत्तीसगढ़ सरकार के एक फैसले को पलटते हुए बड़ा आदेश दिया है। दरअसल राज्य सरकार ने जूनियर इंजीनियर भर्ती में केवल डिप्लोमा धारकों को पात्र माना था, और BE डिग्रीधारकों को बाहर कर दिया था। कोर्ट ने इस नियम को असंवैधानिक करार दिया है।
नियमितीकरण की मांग को लेकर कर्मचारियों का 250 KM पैदल मार्च
Hostel Employees Protest March CG: छत्तीसगढ़ में आश्रम और छात्रावासों में काम कर रहे चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सरकार से नियमितीकरण की मांग को लेकर सड़क पर उतर आए हैं। बस्तर से राजधानी रायपुर तक करीब 250 किलोमीटर की पदयात्रा करते हुए ये कर्मचारी धमतरी पहुंचे और रायपुर विधानसभा घेराव की तैयारी में हैं। इन कर्मचारियों का कहना है कि दस साल सेवा देने के बाद भी 107 कर्मचारियों को नियमित नहीं किया गया है, जबकि कुछ को कर दिया गया। प्रदर्शनकारी आरोप लगा रहे हैं कि दो महीने पहले प्रशासन ने आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। वेतन भी नहीं मिल रहा, जिससे जीवनयापन मुश्किल हो गया है।



