धमतरी युवा संसद: आत्मानंद स्कूल कुरुद के छात्रों ने मारी बाजी, वास्तविक मुद्दों पर किया जोरदार वाद-विवाद

धमतरी: संभागीय संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग रायपुर के निर्देशानुसार, धमतरी जिले में जिला स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (सेजेस), कुरुद के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया है।

हरदिहा समाज भवन में दिखा कृत्रिम संसद का स्वरूप

जिला शिक्षा अधिकारी धमतरी अभय कुमार जायसवाल के मार्गदर्शन में 7 अक्टूबर, मंगलवार को धमतरी के हरदिहा समाज भवन में यह प्रतियोगिता आयोजित हुई। इसमें धमतरी, कुरुद, नगरी-सिहावा और मगरलोड ब्लॉक के छात्र-छात्राओं की टीमों ने हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता स्थल को कृत्रिम संसद भवन का रूप दिया गया था। विद्यार्थियों ने स्पीकर, पक्ष-विपक्ष के मंत्री और विपक्ष के नेता की भूमिकाएँ निभाईं। सभी प्रतिभागी जनप्रतिनिधियों की वेशभूषा में व्यवस्थित बैठे थे। उन्होंने देश की मौजूदा समस्याओं, सामाजिक और आर्थिक मुद्दों पर गहन वाद-प्रतिवाद किया। विपक्ष के सांसदों ने क्रमवार सवाल दागे, जिसका मंत्रीगणों ने जवाब दिया। यह पूरा दृश्य बेहद रोचक रहा और दर्शकों को प्रभावित किया।

सेजेस कुरुद ने जीता खिताब, ये रहीं विजेता टीमें

पीजी कॉलेज धमतरी के सहायक प्राध्यापक निशा तिवारी, भूपेन्द्र साहू और प्रधानपाठक दीनबन्धु सिन्हा ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाते हुए विद्यार्थियों के प्रदर्शन का बारीकी से मूल्यांकन किया।

  • प्रथम स्थान: स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, कुरुद
  • द्वितीय स्थान: शासकीय उमावि सिहावा (नगरी)
  • तृतीय स्थान: शासकीय उमावि मेघा मगरलोड

विजेताओं को समग्र शिक्षा के एडीओपी देवेश सूर्यवंशी द्वारा पुरस्कार वितरित किए गए।

Also Read: धमतरी में खुलेआम बिक रहा प्रतिबंधित जर्दा गुटखा, करोड़ों का कारोबार; प्रशासन पर उठे सवाल

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button