छत्तीसगढ़ में बीजेपी मनाएगी GST उत्सव, नई दरें आज से लागू

रायपुर: नवरात्रि के पहले दिन से केंद्र सरकार की नई जीएसटी दरें लागू हो गई हैं। मोदी सरकार द्वारा घोषित GST 2.0 रेट कट के तहत अब कई घरेलू सामान और खाने-पीने की चीजें पहले से सस्ती हो गई हैं। नई व्यवस्था में 0%, 5%, 18% और 40% की टैक्स स्लैब बनाई गई है।

आम आदमी और कारोबारियों को राहत

नई दरों के लागू होने से रोटी, पराठा, पनीर, खाखरा जैसी चीजें अब शून्य प्रतिशत स्लैब में आ गई हैं। स्वास्थ्य और जीवन बीमा प्रीमियम को भी जीएसटी से बाहर रखा गया है। वहीं, कार, टीवी, बाइक जैसे कई उत्पादों की कीमतें कम होंगी। सरकार का कहना है कि इससे आम जनता के खर्च कम होंगे और कारोबारियों की बिक्री बढ़ेगी।

छत्तीसगढ़ में बीजेपी का ‘GST उत्सव’

नई दरों के ऐलान के साथ ही छत्तीसगढ़ बीजेपी ने इसे बड़े पैमाने पर प्रचारित करने का निर्णय लिया है। पार्टी ने इसे ‘GST उत्सव’ का नाम दिया है। मंत्री, विधायक और पदाधिकारी सड़क से लेकर सोशल मीडिया तक जनता को नई दरों का फायदा समझाएंगे।

राज्य के मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश की जनता को राहत दी है। उन्होंने कारोबारियों से अपील की कि जिन वस्तुओं पर दाम घटे हैं, उनका सीधा लाभ उपभोक्ताओं को दिया जाए।

90 विधानसभा क्षेत्रों में सम्मेलन

बीजेपी ने प्रचार अभियान के लिए विस्तृत रोडमैप तैयार किया है। प्रदेश के 90 विधानसभा क्षेत्रों में प्रबुद्धजन सम्मेलन आयोजित होंगे। इसके अलावा जिला और राज्य स्तर पर समितियां बनाई गई हैं, जिनमें सांसद और विधायक शामिल हैं। ये समितियां जमीनी प्रचार से लेकर सोशल मीडिया कैंपेन तक की मॉनिटरिंग करेंगी।

पार्टी का दावा

बीजेपी नेताओं का कहना है कि नई जीएसटी दरें गरीब, मध्यम वर्ग और कारोबारियों सभी के लिए राहत लेकर आई हैं। पार्टी कार्यकर्ता जनता को बताएंगे कि किस तरह यह बदलाव रोजमर्रा के खर्चों को घटाएगा और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देगा।

Also Read: इनएक्टिव PF खाता बन सकता है मुसीबत, ब्याज बंद, क्लेम में अड़चन और ट्रांसफर की परेशानी, जानें कैसे करें एक्टिवेट

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button