
रायपुर। Gold Medal Winner: छत्तीसगढ़ की बेटी और पावरलिफ्टिंग में तेजी से उभरती खिलाड़ी नमी राय पारेख ने जापान में आयोजित एशिया पैसिफिक चैंपियनशिप में 57 किलोग्राम सीनियर वर्ग (क्लासिक पावरलिफ्टिंग, डेडलिफ्ट) में गोल्ड मेडल जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। बुधवार शाम जैसे ही वह रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचीं, वहां उनका जोशीला और भव्य स्वागत किया गया।
गोल्ड जीतने के बाद नमी ने अपनी खुशी साझा करते हुए कहा,
“यह मेरे छह सालों की मेहनत और समर्पण का परिणाम है। छह महीने पहले मैंने नेशनल चैंपियनशिप में गोल्ड जीता था और उसी के बाद मुझे इंटरनेशनल लेवल पर खेलने का मौका मिला।”
उन्होंने कहा कि यह जीत उनकी मंजिल नहीं, बल्कि एक शुरुआत है।
“मेरा लक्ष्य है कि मैं आने वाले अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी गोल्ड जीतकर देश के लिए नए रिकॉर्ड बनाऊं।”
प्रेरणादायक संदेश देते हुए नमी ने प्रदेश की बेटियों से कहा,
“मैं एक बहू होकर गोल्ड मेडल लाई हूं, तो बेटियां इससे भी बेहतर कर सकती हैं। अगर आप अपने खेल या जुनून के प्रति समर्पित हैं, तो कुछ भी असंभव नहीं है।”
नमी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार को देते हुए कहा,
“मेरे परिवार ने हर कदम पर मेरा साथ दिया। मैं सभी माता-पिता से अपील करती हूं कि वे अपने बच्चों को आगे बढ़ने का पूरा अवसर दें और उनका हौसला बढ़ाएं।”
नमी राय पारेख की इस उपलब्धि ने न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश को गौरवान्वित किया है, और वह आज की पीढ़ी की लड़कियों के लिए एक मजबूत प्रेरणा स्रोत बनकर उभरी हैं।



