IND vs SA 2nd ODI Match Video: रायपुर में टिकट लेने धक्का-मुक्की, लड़कियों ने की बैरिकेड तोड़ने की कोशिश, पुलिस से बहस; कोहली-रोहित को देखने फैंस क्रेजी

IND vs SA Match Ticket: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 3 दिसंबर को नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले दूसरे वनडे मैच को लेकर जबरदस्त उत्साह है। विराट कोहली और रोहित शर्मा को लाइव देखने की दीवानगी में फैंस सुबह 4 बजे से ही इंडोर स्टेडियम के सामने उमड़ने लगे, जहाँ सोमवार से टिकट वितरण शुरू हुआ। टिकट लेने के दौरान लंबी कतार में खड़े युवाओं के बीच धक्का-मुक्की हुई। स्थिति इतनी बिगड़ी कि कुछ लड़कियों ने बैरिकेड तोड़ने की भी कोशिश की, जिस पर उनकी पुलिस कर्मियों से बहस हुई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा।

₹800 में 1500 सीटें छात्रों के लिए आरक्षित, दो चरणों में बेचे जाएंगे लगभग 46 हजार टिकट

स्टूडेंट्स के लिए इस बार 1500 सीटें आरक्षित की गई हैं, जिनकी कीमत ₹800 रखी गई है। एक छात्र केवल एक टिकट खरीद सकता है, जिसके लिए स्कूल/कॉलेज आईडी कार्ड अनिवार्य होगा। वहीं, ऑनलाइन टिकट बुकिंग को दो चरणों में बांटा गया है। पहले चरण में 17-18 हजार टिकट केवल 15 मिनट में बिक गए थे, जिससे कई लोग कन्फ्यूज हो गए कि टिकट खत्म हो गए हैं। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के डायरेक्टर विजय शाह ने बताया कि दूसरे चरण में 30 हजार से ज्यादा टिकट जल्द ही जारी किए जाएंगे, कुल मिलाकर लगभग 46 हजार टिकट बेचे जाएंगे।

स्टैंडकीमत (₹)एंट्री गेट
अपर-2 और अपर 41,5002, 4
लोअर 5, 6 और 10A3,0006, 8 और 11
सिल्वर (चौथी मंज़िल)6,000गेट 12
कॉर्पोरेट बॉक्स20,00012 और 15

रोहित-विराट की वापसी से बढ़ा फैंस का जोश, 1 दिसंबर को रायपुर पहुँचेगी टीमें

सीरीज का पहला वनडे 30 नवंबर को रांची में होगा। इसके बाद 1 दिसंबर को भारत और दक्षिण अफ्रीका की दोनों टीमें रायपुर पहुँचेंगी। 2 दिसंबर को दोनों टीमें प्रैक्टिस करेंगी, और 3 दिसंबर को मैच खेला जाएगा। BCCI ने वनडे सीरीज के लिए केएल राहुल को कप्तान बनाया है, जबकि शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर और हार्दिक पंड्या सीरीज से बाहर हैं। लगभग 9 महीने बाद रोहित शर्मा और विराट कोहली भारत में इंटरनेशनल क्रिकेट खेलते दिखाई देंगे, जिसके चलते फैंस में गजब का उत्साह है।

स्टेडियम में सख्त सुरक्षा नियम: फ्रिस्किंग और बैनर पर रोक

CSCS और BCCI ने मैच के लिए कड़े सुरक्षा नियम जारी किए हैं। दर्शकों को स्टेडियम में प्रवेश से पहले कभी भी चेकिंग और फ्रिस्किंग (जांच) से गुजरना पड़ सकता है। सुरक्षा कारणों से स्टेडियम में बोतलें, लाइटर, कैन, छतरी, सिक्के और बाहर का खाना-पीना ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित होगा। वहीं, दर्शकों की सुविधा के लिए स्टेडियम में 22 वाटर फिल्टर लगाए गए हैं (पानी फ्री), और ओवर चार्जिंग रोकने के लिए हर वेंडर को रेट-लिस्ट डिस्प्ले करनी होगी।

पानी फ्री, खाने-पीने की चीजों के दाम होंगे डिस्प्ले

खाद्य सामग्रीकीमत (₹)
समोसा (2 पीस)60
बर्गर80
कचोरी (2 पीस)50
बिरयानी150
चिप्स/आइसक्रीमMRP

दिव्यांग दर्शकों को फ्री एंट्री

3 दिसंबर को वर्ल्ड डिसेबिलिटी डे होने के कारण, क्रिकेट संघ ने प्रदेश के सभी दिव्यांग खिलाड़ियों को मैच बिल्कुल मुफ्त दिखाने की तैयारी की है। उनके आने-जाने की व्यवस्था भी संघ करेगा। शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम तेजी से अपनी पहचान बना रहा है। यहाँ 21 जनवरी 2023 को भारत बनाम न्यूजीलैंड वनडे और 1 दिसंबर 2024 को भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया टी-20 मैच हो चुका है। 3 दिसंबर 2025 का यह मुकाबला इस स्टेडियम की तीसरी अंतर्राष्ट्रीय मेजबानी होगी।

देखिये वीडियो-

Also Read: टीम इंडिया के वर्ल्ड चैंपियन बनने में अहम योगदान देने वाली छत्तीसगढ़ की बेटी आकांक्षा सत्यवंशी का रायपुर में भव्य स्वागत, मरीन ड्राइव पर उमड़ी भीड़

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button