विधायक अजय चंद्राकर जी की सकारात्मक पहल से प्रवासी पक्षियों के संरक्षण और आर्द्रभूमि विकास को मिलेगी नई दिशा

धमतरी जिले के आमा तालाब को रामसर साइट के रूप में विकसित एवं नामांकित कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू हो गई है। विधायक अजय चंद्राकर एवं कलेक्टर अविनाश मिश्रा की सकारात्मक पहल पर भारतीय वनस्पति सर्वेक्षण, केंद्रीय क्षेत्रीय केंद्र, इलाहाबाद (प्रयागराज) एवं छत्तीसगढ़ वेटलैंड प्राधिकरण के अधिकारियों और विशेषज्ञों की टीम ने आमा तालाब पहुंचकर स्थल का निरीक्षण किया।

BSI टीम द्वारा तालाब के पेड़-पौधे, पत्तियाँ और मछलियों का परीक्षण

निरीक्षण के दौरान भारतीय वनस्पति सर्वेक्षण, केंद्रीय क्षेत्रीय केंद्र, इलाहाबाद (प्रयागराज) की टीम के द्वारा तालाब में पाए जाने वाले पेड़-पौधों, पत्तियों, जलीय वनस्पतियों और मछलियों का बारीकी से परीक्षण किया गया। तालाब के किनारे लगे पेड़-पौधों, पानी में उगने वाली वनस्पतियों तथा मछलियों की प्रजातियों के सैंपल भी लिए गए।

प्रवासी पक्षियों की प्रजातियों का पूर्ण अवलोकन

टीम द्वारा आमा तालाब में आने वाले पक्षियों का भी पूर्ण रूप से अवलोकन किया गया। एक-एक पक्षी की प्रजाति, उनकी संख्या, वे किस देश-प्रदेश से आते हैं, किस मौसम में आते हैं और कितने समय तक तालाब में रहते हैं, इसकी पूरी जानकारी ली गई। प्रवासी पक्षियों के ठहरने, भोजन और प्रजनन के लिए तालाब का पर्यावास कितना अनुकूल है, इसका भी बारीकी से परीक्षण किया गया।

साथ ही CSBB के कार्यों के अंतर्गत भी तालाब की जैव विविधता का अवलोकन किया गया। विशेषज्ञों ने तालाब की प्राकृतिक स्थिति, जलीय पारिस्थितिकी, प्रवासी पक्षियों के आगमन तथा उनके अनुकूल पर्यावास की संभावनाओं का भी अवलोकन किया। निरीक्षण के बाद टीम द्वारा विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इसके आधार पर राज्य सरकार के माध्यम से संरक्षण एवं विकास संबंधी परियोजना केंद्र सरकार को भेजने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

इस पहल का उद्देश्य आमा तालाब को केवल जलस्रोत तक सीमित न रखते हुए जैव विविधता, पर्यावरण संरक्षण और प्रवासी पक्षियों के महत्वपूर्ण आश्रय स्थल के रूप में विकसित करना है।

विशेषज्ञों की टीम रही उपस्थित

निरीक्षण दल में टीम का नेतृत्व कर रहीं डॉ. विनय रंजन, भारतीय वनस्पति सर्वेक्षण, केंद्रीय क्षेत्रीय केंद्र, इलाहाबाद (प्रयागराज) एवं बी. लक्ष्मणुडु, बीएसआई, प्रयागराज सहित छत्तीसगढ़ वेटलैंड प्राधिकरण की ओर से डॉक्टर अनीता हरमुख तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Also Read: विधायक अजय चंद्राकर के प्रयासों से नवागांव से मरौद पुल निर्माण को मिली मंजूरी, 8 करोड़ 46 लाख 44 हजार रुपये में बनेगा पुल

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button