
Bilaspur Delhi Flight Emergency Landing: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से दिल्ली जा रहे अलायंस एयर के एक विमान में शुक्रवार को उड़ान के दौरान गंभीर तकनीकी खराबी आ गई। हवा में ही विमान का एक इंजन अचानक बंद हो गया, जिससे यात्रियों और क्रू मेंबर्स के बीच हड़कंप मच गया। घटना के समय विमान में क्रू सदस्यों सहित कुल 54 यात्री सवार थे। पायलट ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया और दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी।
मेरठ के पास महसूस हुई खराबी, दिल्ली में लैंडिंग
Alliance Air Flight Mid-Air Failure: जानकारी के अनुसार अलायंस एयर की इस फ्लाइट ने शुक्रवार सुबह करीब 10:45 बजे बिलासपुर से प्रयागराज के लिए उड़ान भरी थी। इसके बाद प्रयागराज से दोपहर लगभग 12:33 बजे विमान दिल्ली के लिए रवाना हुआ। जब विमान उत्तर प्रदेश के मेरठ क्षेत्र के आसपास उड़ान भर रहा था, तब पायलट को एक इंजन में तकनीकी खराबी का अहसास हुआ। एटीसी को सूचना मिलते ही दिल्ली एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई और दोपहर करीब 2:15 बजे विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।

यात्रियों और क्रू मेंबर्स को सुरक्षित निकाला गया
DGCA Orders Probe: विमान के रनवे पर सुरक्षित उतरते ही एयरपोर्ट पर तैनात आपातकालीन टीमों ने सभी 54 यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस घटना में किसी भी यात्री को कोई चोट नहीं आई है। लैंडिंग के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। पायलट की सूझबूझ और एटीसी के साथ त्वरित समन्वय के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।
विमानन नियामक DGCA ने दिए विस्तृत जांच के आदेश
Bilaspur To Delhi Flight News: विमान का एक इंजन अचानक बंद होने की घटना को नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने बेहद गंभीरता से लिया है। नियामक ने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। जांच टीम यह पता लगाएगी कि उड़ान के दौरान इंजन में किस वजह से खराबी आई और क्या उड़ान भरने से पहले विमान की तकनीकी जांच नियमानुसार पूरी की गई थी या नहीं।



