
Mahtari Vandan Yojana: छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना में बालोद जिले के अधिकारियों की बड़ी प्रशासनिक लापरवाही सामने आई है। महिला एवं बाल विकास विभाग ने कुछ पात्र महिलाओं को अपात्र बताते हुए पिछले 14 महीनों में मिली 14,000 रुपये की राशि लौटाने का नोटिस थमा दिया है, जबकि एक जीवित महिला को ही सरकारी कागजों में मृत दिखा दिया गया है।
जीवित उमा कोमिया को दिखाया मृत
Balod News: भेड़िया नवागांव निवासी मितानिन कार्यकर्ता उमा कोमिया को परियोजना अधिकारी कार्यालय बालोद से जारी नोटिस में मृत हितग्राही दर्शाते हुए खाते में गई राशि वापस करने को कहा गया है। उमा ने बताया कि उनके पति जनपद कार्यालय में सचिव थे और कई वर्षों से पैरालाइज्ड हैं, ऐसे में योजना की राशि उनके परिवार के लिए बड़ा सहारा थी और अब नोटिस मिलने से परिवार तनाव में है तथा वे खुद को जीवित साबित करने के लिए दफ्तरों के चक्कर लगा रही हैं।
बेटी की शादी के बाद मां को अपात्र बताया
इसी तरह का 1 अन्य मामला राजेश्वरी बाई से जुड़ा है, जिनकी योजना की राशि यह कहकर रोक दी गई और रिकवरी नोटिस भेज दिया गया कि उनकी बेटी सरकारी नौकरी में है। राजेश्वरी बाई का कहना है कि उनकी बेटी की शादी हो चुकी है और उसकी नौकरी का लाभ अब उसके ससुराल पक्ष को मिल रहा है, इसलिए उन्हें इस योजना से वंचित करना उचित नहीं है।
आर्थिक स्थिति कमजोर होने की जताई पीड़ा
पीड़ित महिलाओं का कहना है कि वे योजना के लिए पूरी तरह पात्र हैं और उनके परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी मजबूत नहीं है कि वे 14,000 रुपये की राशि वापस लौटा सकें। अचानक रिकवरी नोटिस मिलने से लाभार्थी महिलाओं के सामने आर्थिक और मानसिक परेशानी खड़ी हो गई है।
5 हजार लोगों को 72 लाख की नोटिस
जिला कार्यक्रम अधिकारी अमित सिन्हा ने बताया कि बालोद जिले में महतारी वंदन योजना के अंतर्गत लगभग 5 हजार अपात्र और संदिग्ध हितग्राहियों को नोटिस भेजे गए हैं। कुल 72 लाख रुपये की रिकवरी का नोटिस जारी किया गया है क्योंकि पात्रता श्रेणी में न आने के बावजूद कई लोगों द्वारा लाभ लेने की बात सामने आई है, हालांकि कुछ मामलों में हितग्राहियों के निधन की संभावना भी जताई गई है।
त्रुटि की जांच और रिपोर्ट का इंतजार
जिला कार्यक्रम अधिकारी अमित सिन्हा ने कहा कि यह प्रकरण बालोद परियोजना का है और किन परिस्थितियों में यह नोटिस जारी हुआ तथा त्रुटि कहां हुई, इसकी जानकारी मंगाकर जांच की जा रही है। फिलहाल सभी मामलों की समीक्षा जारी है और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



