CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें शासकीय नौकरियों में अधिकतम आयु सीमा बढ़कर 45 वर्ष, महिला माओवादी नेता का सरेंडर, राज्य योजनाओं में S-SNA मॉडल, EPFO कवरेज सीमा पर आभार, नवा रायपुर में गोल्फ टूर्नामेंट, रावतपुरा कॉलोनी में बुलडोजर कार्रवाई, ट्रेन में गांजा तस्करी का भंडाफोड़, बिलासपुर कोर्ट में वकीलों में मारपीट, फसल विवाद में तीर चलाने और आयुष्मान अस्पतालों में रेट बोर्ड लगाने के निर्देश समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे

शासकीय नौकरियों में अधिकतम आयु सीमा बढ़कर 45 वर्ष

छत्तीसगढ़ सरकार ने शासकीय सेवा में प्रवेश की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ा फैसला लेते हुए राज्य सरकार के विभागों, निगम-मंडलों और नगर सैनिकों की भर्ती में अधिकतम आयु सीमा 38 वर्ष से बढ़ाकर 45 वर्ष कर दी है। इस फैसले से उन हजारों अभ्यर्थियों को नया अवसर मिलेगा जो उम्र अधिक होने के कारण आवेदन करने की पात्रता खो रहे थे।

35 साल से सक्रिय महिला माओवादी नेता नक्का सुशीला रानी का सरेंडर

साढ़े तीन दशकों से माओवादी संगठन में सक्रिय और बस्तर के माड़ क्षेत्र में डिविजनल कमेटी मेंबर रही वरिष्ठ महिला नेता नक्का सुशीला रानी उर्फ लता ने तेलंगाना के निजामाबाद में आत्मसमर्पण कर दिया है। 5 लाख रुपये की इनामी महिला नेता के खिलाफ बस्तर में चलाए जा रहे निरंतर अभियानों के कारण उसने संगठन छोड़कर मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया।

राज्य योजनाओं में लागू होगा S-SNA मॉडल

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में राज्य-पोषित योजनाओं के लिए ‘State Single Nodal Agency’ (S-SNA) मॉडल लागू करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। इसके तहत पृथक खातों के स्थान पर एक केंद्रीकृत खाता होगा, जिससे सरकारी निधि लंबे समय तक निष्क्रिय नहीं रहेगी और बजटीय संसाधनों का पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित होगा।

EPFO कवरेज की सीमा 25 हजार करने के फैसले पर सीएम साय ने जताया आभार

केंद्र सरकार द्वारा कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के अनिवार्य कवरेज की वेतन सीमा 15 हजार से बढ़ाकर 25 हजार रुपये प्रतिमाह करने के निर्णय का मुख्यमंत्री ने स्वागत किया है। इस फैसले से प्रदेश के लाखों और देश भर के 51 लाख से अधिक अतिरिक्त कर्मचारी भविष्य निधि, पेंशन और बीमा योजनाओं के दायरे में आएंगे।

नवा रायपुर बनेगा देश का नया गोल्फ डेस्टिनेशन

छत्तीसगढ़ में ‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि नवा रायपुर जल्द ही देश और दुनिया के प्रमुख गोल्फ डेस्टिनेशन के रूप में पहचान बनाएगा। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में 18 विदेशी खिलाड़ियों सहित कुल 132 पेशेवर गोल्फर हिस्सा ले रहे हैं।

रावतपुरा कॉलोनी में 40 मकानों पर चला बुलडोजर, राजनीति गरमाई

रायपुर के रावतपुरा कॉलोनी में नगर निगम द्वारा 40 मकानों को ढहाए जाने की कार्रवाई पर विवाद खड़ा हो गया है। विपक्ष ने इसे भ्रष्ट तंत्र और निगम अधिकारियों की नाकामी करार देते हुए कहा कि निर्माण के समय ध्यान न देकर मकान बनने के बाद बुलडोजर चलाना अनुचित है। इसके साथ ही मामलों को शुल्क लेकर नियमित करने की मांग रखी गई है।

ट्रेन में गांजा तस्करी का बड़ा भंडाफोड़

रायगढ़ जीआरपी ने ट्रेन के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सबसे पहले महाराष्ट्र की एक महिला तस्कर शेख सकीला बी को 6.290 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार किया।महिला से कड़ी पूछताछ और साइबर सेल की तकनीकी मदद के बाद जीआरपी की टीम ने ओडिशा के सुंदरगढ़ में दबिश देकर मुख्य सप्लायर प्रकाश अग्रवाल को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से गांजा, बिक्री की नकदी और मोबाइल जब्त कर उन्हें रिमांड पर भेज दिया गया है।

बिलासपुर कोर्ट परिसर में दो वकीलों के बीच मारपीट

बिलासपुर न्यायालय परिसर में पुरानी रंजिश को लेकर दो अधिवक्ताओं के बीच जमकर मारपीट हुई। विवाद में शामिल एक अधिवक्ता बलौदाबाजार कलेक्ट्रेट अग्निकांड का आरोपी और जिला बदर है। कोर्ट परिसर में तैनात पुलिसबल ने दोनों को हिरासत में लेकर एक-दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

फसल नुकसान के विवाद में किसान ने पशुपालक पर चलाया तीर

कोरबा जिले के कटघोरा क्षेत्र में मवेशियों द्वारा धान की फसल चरने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मुआवजे के तौर पर 500 रुपये देने के बाद भी आक्रोशित स्थानीय किसान ने कवर्धा से आए एक पशुपालक पर धनुष से बाण चला दिया। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और आरोपी की तलाश जारी है।

आयुष्मान अस्पतालों में लगेगा रेट बोर्ड

छत्तीसगढ़ में आयुष्मान भारत योजना के तहत निजी अस्पतालों की मनमानी और ओवरचार्जिंग पर स्वास्थ्य विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। बिलासपुर जिला प्रशासन ने सभी अनुबंधित अस्पतालों को नोटिस जारी कर स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अस्पताल परिसर में आयुष्मान योजना से इलाज होने वाली बीमारियों और उनकी पैकेज राशि का बोर्ड चस्पा किया जाए। विभाग ने साफ किया है कि यदि किसी अस्पताल में संबंधित बीमारी के विशेषज्ञ डॉक्टर या जरूरी सुविधाएं नहीं हैं, तो वे मरीजों को भर्ती करने के बजाय सीधे हायर सेंटर रेफर करें। अस्पतालों की इस मनमानी पर रोक लगाने के लिए विभाग ने सख्त निगरानी के निर्देश भी दिए हैं।

Also Read: Laika Chinhari App: घर-घर सर्वे कर स्कूल छोड़ चुके बच्चों को ढूँढेगा विभाग, ‘लइका चिन्हारी’ एप से बनेगा डिजिटल रिकॉर्ड, स्कूल लाने पर मिलेंगे 500 रुपये, जानें पूरी योजना

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button