CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें लापरवाही पर 3 पटवारी निलंबित, बस्तर में किसानों की ट्रैक्टर रैली, कांकेर बिजली विभाग में शराब बांटने का आरोप, भूपेश बघेल चुनाव याचिका पर सुनवाई, सोनिया गांधी बयान पर राजनीति, बीजापुर में वन्यजीव अंग जब्त, बलौदा बाजार में हादसा, कुम्हारों को दीये के लिए विशेष जगह, पटवारियों का निलंबन विरोध और BSP स्क्रैप चोरी में CBI जांच सक्रीय समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करें।:
लापरवाही पर गिरी गाज, तीन पटवारी तत्काल प्रभाव से निलंबित
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में प्रशासनिक कसावट लाते हुए कलेक्टर कार्यालय की भू-अभिलेख शाखा ने शासकीय कार्यों के प्रति गंभीर लापरवाही, उदासीनता और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की लगातार अवहेलना करने वाले तीन पटवारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियमों के तहत इन तीनों कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
किसानों का मुआवजा और कर्जमाफी के लिए निकाली ट्रैक्टर रैली
जगदलपुर में विभिन्न किसान संगठनों ने अपनी मांगों को लेकर संयुक्त रूप से विशाल ट्रैक्टर रैली निकाली। सितंबर में हुई अतिवृष्टि और बाढ़ से फसलों को हुए भारी नुकसान के एवज में किसानों ने 65 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा, फसल बीमा का लाभ और कर्जमाफी की मांग की है। रैली के बाद किसान संगठनों ने कलेक्ट्रेट का घेराव कर प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।
कांकेर विद्युत विभाग में मिठाई की जगह शराब बांटने का आरोप, मची अफरा-तफरी
कांकेर स्थित विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता कार्यालय में त्योहार के मौके पर मिठाई के डिब्बे की जगह शराब की बोतलें बांटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कांग्रेस द्वारा इस मामले का खुलासा करने के बाद हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके से शराब की बोतलें जब्त कर ली हैं और कार्यपालन अभियंता को पूछताछ के लिए थाने ले जाकर जांच शुरू कर दी है।
पूर्व सीएम भूपेश बघेल के खिलाफ चुनाव याचिका पर हाईकोर्ट में अधूरी रही गवाही
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पाटन विधानसभा चुनाव के निर्वाचन को चुनौती देने वाली सांसद विजय बघेल की याचिका पर हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान विजय बघेल के बयान दर्ज किए जा रहे थे, लेकिन समय की कमी के कारण गवाही अधूरी रह गई। अब हाईकोर्ट में इस मामले की अगली शेष गवाही 16 नवंबर से दोबारा शुरू होगी।
सोनिया गांधी को ‘गांधारी’ कहे जाने पर भड़के भूपेश बघेल
भाजपा सांसद संतोष पाण्डेय द्वारा सोनिया गांधी को ‘गांधारी’ कहे जाने पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तीखा पलटवार किया है। दिल्ली रवानगी से पूर्व रायपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए बघेल ने कहा कि भाजपा नेताओं का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है और वे पुरानी ऐतिहासिक बातें व तथ्यों को भूलकर अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं।
बीजापुर में वन्यजीव तस्करों पर कसा शिकंजा, पैंगोलिन शल्क व तेंदुए की खाल जब्त
बीजापुर जिले में वन विभाग की टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर दुर्लभ पैंगोलिन के 9.260 किलोग्राम शल्क और तेंदुए की एक खाल बरामद की है। अनुसूची-1 के इन अति-संरक्षित वन्यजीवों के अवैध शिकार और तस्करी के मामले में वन विभाग ने कुल 6 आरोपियों को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
बलौदा बाजार में धनतेरस पर भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत
बलौदा बाजार जिले में धनतेरस के दिन एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक पर सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दीपावली पर रायपुर के कुम्हारों को बड़ी सौगात: दीये बेचने शहर में मिलेंगी विशेष जगह
दीपावली पर्व पर स्थानीय कुम्हारों को अपनी आजीविका चलाने में सुविधा देने के उद्देश्य से रायपुर जिला प्रशासन ने एक बड़ी पहल की है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शहर के प्रमुख बाजारों और चौराहों पर मिट्टी के दीये बेचने वाले कुम्हारों के लिए विशेष ‘पसरे’ (स्थान) बनाए जाएं। इसके साथ ही प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे स्थानीय कारीगरों द्वारा बनाए गए मिट्टी के दीये खरीदकर वोकल फॉर लोकल को बढ़ावा दें।
पटवारियों के सामूहिक निलंबन पर सियासत तेज, संघ ने जताई कड़ी नाराजगी
अपनी चार सूत्रीय मांगों और पीवी ऐप की खामियों के विरोध में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे पटवारियों के खिलाफ शासन की सख्ती के बाद माहौल गरमा गया है। बलौदा बाजार जिले में 100 से अधिक पटवारियों को व्हाट्सएप के जरिए निलंबन आदेश भेजे जाने से नाराज संघ के पदाधिकारियों ने धरना स्थल पर आदेश की प्रतियां जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। पटवारियों ने चेतावनी दी है कि दमनकारी नीतियों से उनका आंदोलन थमने वाला नहीं है, बल्कि और अधिक उग्र होगा।
भिलाई स्टील प्लांट स्क्रैप चोरी मामले में सीबीआई की 35 सदस्यीय विशेष टीम सक्रिय
भिलाई स्टील प्लांट (BSP) से जुड़े लगभग 250 टन लौह स्क्रैप की संगठित चोरी और करोड़ों की हेराफेरी के बहुचर्चित मामले की जांच अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने अपने हाथ में ले ली है। निष्पक्षता बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस व स्टाफ को दूर रखते हुए सीबीआई ने दिल्ली और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की 35 सदस्यीय विशेष टीम का गठन किया है, जो दस्तावेजों, परिवहन रूट और मनी ट्रेल के हर पहलू की गहराई से पड़ताल कर रही है।
Also Read: प्रधानमंत्री आवास योजना पूरी तरह मुफ्त, पैसे मांगने वालों की ऐसे करें शिकायत
