
PM Modi Bastar Diwali Live: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को दीपावली का पावन पर्व मनाने छत्तीसगढ़ के जगदलपुर स्थित करनपुर सीआरपीएफ कैंप पहुंचे। यहां उन्होंने नक्सल विरोधी अभियानों में तैनात कोबरा बटालियन और सुरक्षा बलों के जवानों के साथ दीवाली की खुशियां बांटीं। प्रधानमंत्री रविवार सुबह करीब 11 बजे जगदलपुर हवाई अड्डे पहुंचे और वहां से सीधे करनपुर सुरक्षा केंद्र के लिए रवाना हुए। कैंप पहुंचने पर सीआरपीएफ के महानिदेशक जीपी सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रधानमंत्री की अगवानी की।
311 एकड़ में फैले करनपुर सुरक्षा केंद्र पहुंचे प्रधानमंत्री
PM Modi Bastar Visit CRPF Camp: जगदलपुर-नगरनार मार्ग पर स्थित करनपुर कैंप करीब 311 एकड़ क्षेत्र में फैला सीआरपीएफ का एक अत्यंत महत्वपूर्ण सुरक्षा केंद्र है। यहां सीआरपीएफ की दो विशिष्ट कोबरा बटालियन तैनात हैं, जो घने जंगलों में नक्सल विरोधी अभियानों के लिए विशेष प्रशिक्षण प्राप्त करती हैं। इस परिसर में सुरक्षा बलों का 50 बिस्तरों का एक संयुक्त अस्पताल भी संचालित होता है। प्रधानमंत्री के इस दौरे के दौरान सुरक्षा कारणों से स्थानीय पुलिस और नागरिक प्रशासन को आंतरिक व्यवस्थाओं से दूर रखा गया था।
देखें सीधा प्रसारण-
कोबरा कमांडोज और डीआरजी के जवानों से की मुलाकात
PM Modi Celebrates Diwali With Jawans: सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार करनपुर कैंप पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री ने वहां मौजूद कमांडोज से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। इस विशेष आयोजन के लिए डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड यानी डीआरजी की दो बटालियनों को भी कैंप परिसर में आमंत्रित किया गया था। प्रधानमंत्री ने बस्तर संभाग में नक्सलवाद के खात्मे और शांति बहाली में सुरक्षा बलों द्वारा दिए गए अभूतपूर्व योगदान और बलिदान की जमकर सराहना की।
जवानों के साथ लंच और सोशल मीडिया पर दी जानकारी
CRPF Karanpur Camp Bastar PM Visit: प्रधानमंत्री ने करनपुर कैंप में सुरक्षा बलों के जवानों के साथ दोपहर का भोजन भी किया और उनके साथ समय बिताया। प्रधानमंत्री हर साल दीपावली का त्योहार देश के सुरक्षा बलों के बीच जाकर मनाते आए हैं। रविवार सुबह ही उन्होंने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के जरिए बस्तर में जवानों के साथ दीपावली मनाने के फैसले की जानकारी देशवासियों के साथ साझा की थी। प्रधानमंत्री के इस दौरे से बस्तर में तैनात जवानों का मनोबल काफी ऊंचा हुआ है।



