CG Ration Card News: राशन कार्डधारियों के लिए बड़ी खबर, जिन सदस्यों का स्टेटस दिख रहा नॉट वैरिफाइड उनके हिस्से का रुका है अनाज, जानिए तुरंत सुधार कराने का आसान तरीका

Chhattisgarh Ration Card News 2026: छत्तीसगढ़ में राशन कार्ड से परिवार के सदस्यों के नाम काटे जाने और कार्ड बंद होने की फैल रही खबरों के बीच राज्य के खाद्य विभाग ने स्थिति पूरी तरह स्पष्ट कर दी है। विभाग ने इन तमाम खबरों को भ्रामक बताते हुए आम नागरिकों को भरोसा दिलाया है कि ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी नहीं होने पर भी किसी हितग्राही का नाम राशन कार्ड से नहीं काटा जाएगा और न ही पूरा राशन कार्ड बंद किया जाएगा। खाद्य विभाग के नियंत्रक भूपेंद्र मिश्रा ने बताया कि केवाईसी अधूरी रहने के कारण केवल संबंधित सदस्य के हिस्से का खाद्यान्न आबंटन और वितरण अस्थायी रूप से प्रभावित हो सकता है।

नॉट वैरिफाइड स्टेटस वाले सदस्यों का रुका है आबंटन

CG Ration Card e-KYC Update: खाद्य नियंत्रक ने जानकारी दी कि जिन राशन कार्डधारियों के परिवार के किसी सदस्य की ई-केवाईसी प्रक्रिया अभी तक पूरी नहीं हो पाई है और जिनका वेरिफिकेशन स्टेटस ऑनलाइन पोर्टल पर नॉट वैरिफाइड दिख रहा है, केवल उन्हीं सदस्यों के हिस्से का राशन आबंटन प्रभावित हुआ है। इस समस्या से बचने के लिए सभी हितग्राहियों को जल्द से जल्द अपनी और परिवार के प्रत्येक सदस्य की ई-केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण कराने की सलाह दी गई है ताकि उन्हें पूरा राशन मिल सके।

ऑनलाइन पोर्टल पर ऐसे चेक करें अपना वेरिफिकेशन स्टेटस

Face Authentication Ration CG: खाद्य शाखा द्वारा जारी पत्र के अनुसार जिन राशन कार्डों में खाद्यान्न का आबंटन कम दिखाई दे रहा है, ऐसे हितग्राही विभाग के आधिकारिक वेब लिंक https://epos.cg.gov.in/SRC_Trans_Int

पर जाकर अपने कार्ड की पूरी जानकारी और परिवार के हर सदस्य का वेरिफिकेशन स्टेटस आसानी से देख सकते हैं। यदि किसी सदस्य के नाम के सामने नॉट वैरिफाइड प्रदर्शित हो रहा है, तो वे नजदीकी उचित मूल्य की दुकान पर जाकर फेस ई-केवाईसी के माध्यम से अपनी पहचान का सत्यापन पूरा करा सकते हैं।

अंगूठे का निशान न आने पर चेहरे से मिलेगा राशन

CG PDS Ration Distribution News: विभाग ने बुजुर्गों और मजदूर वर्ग के उन हितग्राहियों के लिए भी बड़ी सुविधा प्रदान की है, जिनके हाथों की रेखाएं घिस जाने के कारण ई-पॉस मशीन में फिंगरप्रिंट काम नहीं कर रहे हैं। ऐसे पात्र हितग्राहियों के लिए अब फेस ऑथेंटिकेशन की व्यवस्था उपलब्ध करा दी गई है। इसके तहत मशीन के कैमरे से हितग्राही का चेहरा कैप्चर कर आधार प्रमाणीकरण के जरिए उन्हें आसानी से राशन वितरित किया जा सकता है।

उचित मूल्य दुकान की मशीन से ही सुधरेंगी कार्ड की त्रुटियां

वर्तमान में सरकारी राशन दुकानों में संचालित ई-पॉस मशीन में ही ई-केवाईसी अपडेट और मॉडिफाई आधार वेरिफिकेशन ऑथेंटिकेशन के विकल्प जोड़ दिए गए हैं। यदि किसी राशन कार्ड में कोई तकनीकी त्रुटि है, तो हितग्राही सीधे अपनी उचित मूल्य की दुकान के माध्यम से उपलब्ध विकल्पों का उपयोग कर आवश्यक सुधार करा सकते हैं। जिन कार्डधारियों की पुरानी समस्याओं का निराकरण हो चुका है, उनके लिए पात्रता के अनुसार रुका हुआ खाद्यान्न भी जारी कर दिया गया है, साथ ही नया कार्ड बनवाने या नाम जोड़ने के लिए आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।

Also Read: CG Dhan Kharidi 2026 Problem: छत्तीसगढ़ में धान खरीदी पर मंडराया संकट, पोर्टल में रकबा शून्य दिखने से नहीं कट रहे किसानों के टोकन

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button