
Kundel Army Ground: ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को सेना, पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों में भर्ती की तैयारी के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ग्राम कुंडेल में एक विशेष पहल की जा रही है। यहां वीबी-जी रामजी योजना के अंतर्गत फिजिकल एजुकेशन ट्रेनिंग ग्राउंड यानी आर्मी ग्राउंड विकसित किया जा रहा है। इस मैदान को तैयार करने में स्थानीय ग्रामीणों, पूर्व सैनिकों और सेवारत जवानों का आर्थिक सहयोग व श्रमदान महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है, जिसका कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
कलेक्टर ने सामुदायिक सहभागिता की सराहना की
Magarlod News: निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मैदान में चल रहे निर्माण कार्यों की बारीकी से समीक्षा की और वहां मौजूद ग्रामीणों तथा सैनिकों से चर्चा कर विकास कार्यों की प्रगति जानी। उन्होंने जनभागीदारी के माध्यम से युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को संवारने के इस प्रयास की प्रशंसा की। कलेक्टर ने कहा कि सुरक्षा बलों में चयन के लिए शारीरिक दक्षता, मानसिक मजबूती, अनुशासन और निरंतर अभ्यास आवश्यक होता है, तथा यह नया मैदान युवाओं को अपने ही गांव में भर्ती की तैयारी करने का बेहतरीन अवसर प्रदान करेगा।

दौड़ और व्यायाम की सुविधाएं विकसित करने के निर्देश
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने मैदान में अभ्यास करने वाले युवाओं से निरंतर मेहनत, धैर्य और दृढ़ संकल्प के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया। इसके साथ ही उन्होंने मौके पर मौजूद विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि मैदान में दौड़, व्यायाम और अन्य शारीरिक गतिविधियों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं जल्द विकसित की जाएं। उन्होंने मैदान की नियमित स्वच्छता और उचित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने की बात भी कही।
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारी और सैनिक रहे मौजूद
ग्राम कुंडेल में चल रहे इस विकास कार्य के अवलोकन के समय प्रशासनिक अमले के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी शामिल हुए। इस अवसर पर कुरूद-मगरलोड के एसडीएम पीयूष तिवारी, जनपद पंचायत सीईओ रोहित बोरझा, जिला पंचायत के अन्य अधिकारी व कर्मचारी, स्थानीय ग्रामीण तथा गांव के पूर्व और वर्तमान सैनिक प्रमुख रूप से उपस्थित थे।



