CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें बैलाडीला पहाड़ियों में बड़ा लैंडस्लाइड, मंत्रालयीन कर्मचारियों का जोरदार प्रदर्शन, बीजापुर में बीजीएल लॉन्चर बरामद, हनी ट्रैप लूट गिरोह का भंडाफोड़, शिक्षक भर्ती परीक्षा से रोक हटी, 3 वर्षीय मासूम काव्या के उपचार को मदद, ब्रिटिश नागरिक मौत मामले की जांच, क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना हेतु आवेदन आमंत्रित, देह व्यापार अड्डे पर पुलिस दबिश और मुक्तिधाम से बुजुर्ग महिला की अस्थियां चोरी समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करें।
बैलाडीला पहाड़ियों में बड़ा लैंडस्लाइड
बैलाडीला की पहाड़ियों के किरंदुल स्थित डिपॉजिट-14 के पिछले हिस्से में लगभग 500 मीटर के दायरे में बड़े पैमाने पर भूस्खलन (लैंडस्लाइड) की घटना सामने आई है। पहाड़ी का बड़ा हिस्सा खिसकने से सड़क पर भारी मात्रा में मिट्टी और मलबा आ गया, जिससे लोहागांव जाने वाला मार्ग बाधित हो गया है। प्रशासन और संबंधित विभागों द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
शिक्षक भर्ती परीक्षा से रोक हटी
प्रदेश में सहायक शिक्षक और शिक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर लंबे समय से बना असमंजस अब समाप्त हो गया है। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने इस भर्ती परीक्षा पर पूर्व में लगी रोक को हटा दिया है, जिससे कुल 2,292 पदों पर होने वाली भर्ती प्रक्रिया का रास्ता साफ हो गया है। न्यायालय के इस फैसले से प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे हजारों अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है।
बैलाडीला पहाड़ियों में बड़ा लैंडस्लाइड
बैलाडीला की पहाड़ियों के किरंदुल स्थित डिपॉजिट-14 के पिछले हिस्से में लगभग 500 मीटर के दायरे में बड़े पैमाने पर भूस्खलन (लैंडस्लाइड) की घटना सामने आई है। पहाड़ी का बड़ा हिस्सा खिसकने से सड़क पर भारी मात्रा में मिट्टी और मलबा आ गया, जिससे लोहागांव जाने वाला मार्ग बाधित हो गया है। प्रशासन और संबंधित विभागों द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
मंत्रालयीन कर्मचारियों का जोरदार प्रदर्शन
छत्तीसगढ़ मंत्रालयीन कर्मचारी संघ (CGMKS) के बैनर तले कर्मचारियों ने मंत्रालय महानदी भवन के डी-गेट के सामने अपनी लंबित मांगों को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने समय पर महंगाई भत्ता (DA) देने, पिछले 90 माह के लंबित एरियर्स का निराकरण करने और मंत्रालयीन सेटअप की प्रस्तावित पुनर्संरचना से पहले संघ को विश्वास में लेने तथा उनके सुझाव शामिल करने की मांग की।
बीजापुर में बीजीएल लॉन्चर बरामद
नक्सल विरोधी अभियान के तहत बीजापुर जिले के थाना पामेड़ क्षेत्र अंतर्गत जीड़पल्ली के जंगलों में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। थाना पामेड़ पुलिस और कोबरा 208वीं वाहिनी की संयुक्त टीम ने सर्चिंग अभियान के दौरान माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए डंप का खुलासा किया, जहां से 2 बीजीएल (BGL) लॉन्चर और 36 बीजीएल सेल बरामद किए गए हैं।
हनी ट्रैप लूट गिरोह का भंडाफोड़
जांजगीर-चांपा पुलिस ने हनी ट्रैप के जाल में फंसाकर चाकू की नोक पर लूटपाट करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक युवती सहित कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 30 हजार रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और 2 मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
3 वर्षीय मासूम काव्या के उपचार को मदद
ब्लड कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही महज तीन वर्षीय मासूम काव्या पटेल के बेहतर उपचार के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने संवेदनशील पहल की है। मुख्यमंत्री ने एम्स रायपुर के चिकित्सकों को बच्ची का समुचित इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जबकि कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने जिला रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से काव्या के पिता को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
ब्रिटिश नागरिक मौत मामले की जांच
ब्रिटिश नागरिक डॉ. कृष्ण कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के निर्देश पर परिजनों के विस्तृत बयान दोबारा दर्ज किए गए हैं। परिजन मेडिकल रिकॉर्ड, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और छाती की गंभीर चोट के तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच और न्याय की उम्मीद जता रहे हैं।
क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना हेतु आवेदन आमंत्रित
खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत सालाना खेलवृत्ति के लिए राज्य के खिलाड़ियों से 30 नवंबर तक आवेदन आमंत्रित किए हैं। योजना के तहत राष्ट्रीय स्तर की अधिकृत प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले वरिष्ठ, जूनियर और सब-जूनियर वर्ग के खिलाड़ियों को पदक के अनुसार 20 हजार से 75 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।
देह व्यापार अड्डे पर पुलिस दबिश
रायगढ़ जिले में अवैध और अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत रायगढ़ पुलिस ने केलो विहार स्थित एक किराए के मकान में दबिश देकर देह व्यापार संचालित करने के आरोप में 52 वर्षीय गोविंद साहू को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 2 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन जब्त कर अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।
मुक्तिधाम से बुजुर्ग महिला की अस्थियां चोरी
बालोद जिले के गुरुर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम खैरवाही के मुक्तिधाम से 94 वर्षीय बुजुर्ग महिला की अस्थियां चोरी होने का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। अंतिम संस्कार के दूसरे दिन चिता स्थल पर पूजा सामग्री मिलने और राख में अस्थियां नदारद होने से परिजन व ग्रामीण स्तब्ध हैं। गांव में ऐसी तीसरी घटना सामने आने से दहशत है और परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
