CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें जशपुर के गांवों में प्रवेश प्रतिबंध पर विवाद, कांग्रेस के तीन जिलाध्यक्षों को कारण बताओ नोटिस, शराब घोटाले के आरोपी को लाने दुबई पहुंची ACB-EOW टीम, देवेंद्र यादव याचिका पर हाईकोर्ट में फैसला सुरक्षित, महासमुंद में 1.03 करोड़ की अवैध चांदी व नकदी जब्त, कांग्रेस का संविधान रक्षा मार्च, बीजापुर में 10 कांग्रेसी नेता भाजपा में शामिल, महतारी भाखा सम्मान सप्ताह की तैयारी, नवजात शिशु संग पार्षद का आमरण अनशन और धान स्टॉक सत्यापन पर उठे सवाल समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करें।

गांवों में फादर-पास्टर की एंट्री बैन

जशपुर जिले के सोगड़ा, केशरा, चड़िया और डूमरटोली गांवों में कथित ग्रामसभा के प्रस्ताव के बाद धर्म प्रचार व धर्मांतरण के उद्देश्य से आने वालों के प्रवेश पर रोक संबंधी बोर्ड लगाए जाने से विवाद गहरा गया है। ईसाई आदिवासी महासभा छत्तीसगढ़ ने कलेक्टर व एसएसपी को ज्ञापन सौंपकर पेसा अधिनियम 1996 और संवैधानिक प्रावधानों का हवाला देते हुए बोर्ड हटाने, प्रस्तावों की वैधानिकता जांचने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।

कांग्रेस के तीन जिलाध्यक्षों को कारण बताओ नोटिस

नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों और वोट रक्षक अभियान को लेकर रायपुर के राजीव भवन में कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत की अध्यक्षता में आयोजित बैठक से तीन जिलाध्यक्षों के बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर नाराजगी जताई गई है। बैठक में 15 दिसंबर तक वोट रक्षक अभियान चलाने व किसानों-बिजली मुद्दों पर आंदोलन की रणनीति बनी, जबकि गैरहाजिर रहे कांकेर, अंबिकापुर और रायगढ़ ग्रामीण के जिलाध्यक्षों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।

CG शराब घोटाले का आरोपी दुबई में

छत्तीसगढ़ के 3200 करोड़ रुपये के शराब घोटाले में फरार चल रहे आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू को भारत लाने के लिए एसीबी-ईओडब्ल्यू (ACB-EOW) की विशेष टीम आईजी अमरेश मिश्रा के नेतृत्व में दुबई पहुंच गई है। टीम प्रत्यर्पण की कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने में जुटी है और एजेंसी की कोशिश है कि 28 नवंबर तक आरोपित को भारत लाकर रायपुर में पूछताछ शुरू की जा सके।

देवेंद्र यादव याचिका पर फैसला सुरक्षित

भिलाई विधानसभा सीट से निर्वाचित विधायक देवेंद्र यादव के निर्वाचन को चुनौती देने वाली याचिका पर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में दोनों पक्षों की सुनवाई पूरी हो गई है। पूर्व विधायक प्रेम प्रकाश पांडेय द्वारा दायर याचिका में नामांकन के साथ प्रस्तुत शपथपत्र में संपत्ति, आय, लंबित मामलों व अन्य विवरणों को छिपाने या गलत दर्ज करने के आरोप लगाए गए हैं, जिस पर सुनवाई के बाद न्यायमूर्ति राकेश मोहन पांडेय ने आदेश सुरक्षित रख लिया है।

महासमुंद में एक करोड़ की अवैध चांदी बरामद

महासमुंद जिले के पिथौरा क्षेत्र स्थित अंतरराज्यीय पलसापाली नाका चेक पोस्ट पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक कार से 52 किलो 528 ग्राम चांदी के आभूषण, बर्तन, मूर्तियां और सिल्लियां बरामद की हैं। इसके साथ 3 लाख 39 हजार 800 रुपये नकद और वाहन सहित कुल 1 करोड़ 3 लाख 39 हजार 800 रुपये की संपत्ति वैध दस्तावेज न मिलने पर जब्त की गई है।

कांग्रेस का वोट चोरी और संविधान रक्षा मार्च

छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने कथित वोट चोरी और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के मुद्दे पर रायपुर में गांधी मैदान से अंबेडकर चौक स्थित बाबा साहेब की प्रतिमा तक संविधान रक्षा मार्च निकाला। इस पैदल मार्च में प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत, सह प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत सहित बड़ी संख्या में नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए तथा लोकतांत्रिक व संवैधानिक अधिकारों की रक्षा का संकल्प दोहराया।

बीजापुर में 10 कांग्रेसी नेता भाजपा में

नगरीय निकाय चुनाव से ठीक पहले बीजापुर जिले के भैरमगढ़ में आयोजित भाजपा के दीपावली मिलन समारोह के दौरान कांग्रेस के 10 स्थानीय नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। विधायक चैतराम अटामी और पूर्व मंत्री महेश गागड़ा ने नवप्रवेशियों का स्वागत किया तथा आगामी नगरीय निकाय चुनावों में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

महतारी भाखा सम्मान सप्ताह की तैयारी

छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस (28 नवंबर) के अवसर पर छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग द्वारा 27 नवंबर से 5 दिसंबर तक ‘छत्तीसगढ़ी महतारी भाखा सम्मान सप्ताह’ आयोजित किया जाएगा। इस दौरान प्रदेश के मिडिल, हाई, हायर सेकेंडरी स्कूलों और महाविद्यालयों में छत्तीसगढ़ी व स्थानीय मातृभाषाओं में निबंध, वाद-विवाद, लोकगीत और भाषण प्रतियोगिताओं के माध्यम से भाषा व संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी।

नवजात शिशु संग आमरण अनशन

बेमेतरा नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 08 की भाजपा पार्षद चांदनी रोशन दत्ता अपनी 13 दिन की नवजात बच्ची को लेकर नगर पालिका कार्यालय के सामने आमरण अनशन पर बैठ गई हैं। उन्होंने नेशनल हाईवे-30 से लगी करोड़ों रुपये की शासकीय जमीन पर कथित अतिक्रमण हटाने की मांग की है और दो बार शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने पर नाराजगी जताई है।

धान स्टॉक सत्यापन पर उठे गंभीर सवाल

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के खोडरी धान उपार्जन केंद्र में राकेश कुमार सेवरे को नया प्रभारी प्रबंधक नियुक्त किए जाने के बाद पूर्व प्रभारी द्वारा खरीदे गए 2513.20 क्विंटल धान के भौतिक सत्यापन और प्रभार हस्तांतरण को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। सहकारिता विभाग के आदेश में स्टॉक मिलान और हस्तांतरण की प्रक्रिया को लेकर स्पष्ट निर्देश न होने से पुराने स्टॉक की जवाबदेही को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

Also Read: CG Cabinet Reshuffle 2026: छत्तीसगढ़ में 6 मंत्रियों के फेरबदल की चर्चा, 3 तीन का हटना तय और 2 के विभाग बदलने की चर्चा

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button