
Megha Accident: मगरलोड के ग्राम मेघा बस स्टैंड में पुराना शिशु मंदिर के पास आवारा कुत्तों की वजह से हुए सड़क हादसे में बोड़रा निवासी 42 वर्षीय बाइक सवार डेमन साहू पिता दाऊलाल साहू गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। वे अपने 10 वर्षीय बेटे के साथ हीरो होंडा बाइक क्रमांक CG04CN 3088 से सेन्हाभाठा की ओर से आ रहे थे तभी आपस में लड़ते हुए कुत्तों का झुंड अचानक बाइक के सामने आ गया जिससे बाइक सड़क पर घसीटाते हुए गिर गई, हालांकि इस दुर्घटना में 10 वर्षीय बच्चा सुरक्षित बच गया लेकिन डेमन साहू के पैर में गंभीर चोट आई है।

लड़ते हुए बाइक के सामने आया कुत्तों का झुंड
Megha News: मिली जानकारी के अनुसार डेमन साहू पिता दाऊलाल साहू अपने 10 वर्षीय पुत्र को साथ लेकर बाइक से सेन्हाभाठा की तरफ से आ रहे थे। इसी दौरान ग्राम मेघा बस स्टैंड के पास पुराना शिशु मंदिर के नजदीक संजीव एगरोल के पास आवारा कुत्तों का झुंड आपस में लड़ते हुए अचानक सड़क पर बाइक के सामने आ गया और संतुलन बिगड़ने से पिता पुत्र बाइक सहित सड़क पर जा गिरे।

बाइक में पैर दबने से गंभीर चोट
हादसे के दौरान 10 वर्षीय बच्चा बाइक से दूर उछलकर गिरा और उसे कोई चोट नहीं आई, लेकिन डेमन साहू बाइक के साथ घसीटते हुए गिरे और उनका पैर बाइक के नीचे दब गया। उनके पैर में गंभीर चोट लगी और उन्हें तेज दर्द होने लगा, वहीं गनीमत रही कि वे डिवाइडर की ओर नहीं गिरे वरना दोनों को अधिक नुकसान हो सकता था।

मौके पर पहुंची 112 पुलिस और 108 एंबुलेंस
घटना के तुरंत बाद आसपास के दुकानदारों ने तत्परता दिखाते हुए डेमन साहू को उठाया और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। कुछ ही देर में मगरलोड पुलिस की 112 वाहन और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल डेमन साहू को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जबकि हादसे के बाद भी घटनास्थल के आसपास आवारा कुत्तों का झुंड मंडराता रहा जिससे लोगों में चिंता बनी हुई है।





