
Fingeshwar School Teacher Leave Controversy:फिंगेश्वर विकासखंड के कौंदकेरा संकुल में 10 से अधिक शिक्षकों के लगातार 2 दिनों तक स्कूलों में नहीं पहुंचने का मामला सामने आया है, जिससे स्थानीय शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं। बताया जा रहा है कि अनुपस्थित रहने वालों में संकुल समन्वयक भी शामिल हैं और चर्चा है कि संबंधित शिक्षक आकस्मिक अवकाश लेकर ओडिशा के धार्मिक स्थल जगन्नाथ पुरी घूमने गए हैं, हालांकि उनके अवकाश के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है।

प्रभारियों के भरोसे चल रहे संकुल के स्कूल
Fingeshwar News 2026: मिली जानकारी के मुताबिक कौंदकेरा संकुल के अंतर्गत आने वाले अलग अलग स्कूलों में नियमित शिक्षकों की गैरमौजूदगी के चलते विद्यालयों का संचालन स्कूल प्रभारियों के भरोसे चल रहा है। कक्षाओं में नियमित अध्यापन की जिम्मेदारी संभालने वाले शिक्षकों के न होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और अभिभावकों में भी इसे लेकर नाराजगी देखी जा रही है।
एक साथ 10 से अधिक शिक्षकों की छुट्टी पर सवाल
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा प्रश्न यह उठ रहा है कि आखिर 1 ही संकुल के 10 से ज्यादा शिक्षक 1 ही समय पर अवकाश लेकर कैसे चले गए। इसके साथ ही यह भी पूछा जा रहा है कि क्या शिक्षा विभाग ने उनकी अनुपस्थिति के दौरान स्कूलों में बच्चों को पढ़ाने के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था की थी या नहीं।

संकुल समन्वयक की गैरमौजूदगी से निगरानी प्रभावित
संकुल क्षेत्र के स्कूलों की नियमित मॉनिटरिंग और व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी संकुल समन्वयक के पास होती है। ऐसे में जब संकुल समन्वयक स्वयं ही अनुपस्थित बताए जा रहे हैं, तो जमीनी स्तर पर स्कूलों की निगरानी और विभागीय अनुशासन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
विभागीय जांच और कार्रवाई पर टिकी निगाहें
सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की समय पर उपस्थिति और नियमित पढ़ाई सुनिश्चित करना शिक्षा विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी मानी जाती है। अब स्थानीय लोगों और अभिभावकों की नजर इस बात पर टिकी है कि जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग इन शिक्षकों के अवकाश की वैधता की जांच कर क्या कार्रवाई करता है।
खबर नहीं छापने का किया गया आग्रह
इस मामले पर पक्ष जानने के लिए जब संकुल समन्वयक नरेश साहू से संपर्क किया गया तो उन्होंने सभी शिक्षकों द्वारा ऑनलाइन अवकाश लिए जाने की बात कही, लेकिन यात्रा में खुद शामिल होने के सवाल पर उन्होंने फोन काट दिया और कुछ देर बाद दोबारा फोन कर खबर प्रकाशित नहीं करने का आग्रह किया। वहीं इस विषय में जिला शिक्षा अधिकारी राजेश चंद्राकर से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।



