
Raipur Railway News: रेल यात्रा के दौरान अगर आपका मोबाइल चोरी हो जाए या कहीं गिर जाए, तो अब उसे वापस पाना पहले से कहीं आसान हो गया है। रायपुर जीआरपी (GRP) की सक्रियता और केंद्र सरकार के सेंट्रल पोर्टल की मदद से अब तक 76 से ज्यादा मोबाइल फोन बरामद कर यात्रियों को लौटाए जा चुके हैं। ये पहल न सिर्फ तकनीक का बेहतरीन उपयोग है, बल्कि यात्री सुरक्षा के प्रति पुलिस की गंभीरता को भी दर्शाती है।
टेक्नोलॉजी और GRP की सतर्कता से मिला समाधान
रेल एसपी श्वेता सिन्हा के नेतृत्व में रायपुर जीआरपी ने 20 लाख रुपये से अधिक मूल्य के मोबाइल फोन रिकवर किए हैं। ये फोन न सिर्फ छत्तीसगढ़ के रायपुर, दुर्ग और भिलाई से, बल्कि मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और ओडिशा जैसे राज्यों से भी बरामद किए गए हैं। चोरी की अधिकतर घटनाएं ट्रेन में चढ़ते समय, चार्जिंग के दौरान या स्टेशन के बाहर स्नैचिंग की थीं।

Central Government Portal बना वरदान
मोबाइल रिकवरी में केंद्र सरकार के “Lost Phone Portal” की बड़ी भूमिका रही है। इस पोर्टल पर मोबाइल फोन की जानकारी दर्ज करते ही लोकेशन ट्रैकिंग की प्रक्रिया शुरू हो जाती है। रायपुर GRP की तकनीकी टीम ने इसी पोर्टल का इस्तेमाल कर चोरी और गुम हुए फोन को ढूंढ निकाला। यात्रियों को अब बस GRP थाने में सूचना देना या ऑनलाइन शिकायत दर्ज करनी होती है।
76 मुस्कानें लौटाईं, जनता ने जताया आभार
अब तक 76 लोग अपने खोए हुए मोबाइल फोन वापस पा चुके हैं। फोन वापस मिलने पर यात्रियों की आंखों में खुशी और चेहरे पर संतोष साफ नजर आया। रायपुर, दुर्ग, भिलाई जैसे जिलों से आए यात्रियों ने GRP की इस पहल की जमकर तारीफ की।
रेल एसपी श्वेता सिन्हा ने यात्रियों से अपील की है कि अगर उनका मोबाइल ट्रेन या स्टेशन पर चोरी हो जाए या गुम हो जाए, तो तुरंत GRP थाने में सूचना दें या ऑनलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें — ताकि समय पर कार्रवाई हो सके और आपका फोन वापस मिल सके।



