
Chhattisgarh Cabinet: आज राजभवन में राज्यपाल रमेन डेका ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तीन विधायकों राजेश अग्रवाल, गुरु खुशवंत साहेब और गजेंद्र यादव को मंत्री पद की शपथ दिलाई। तीन मंत्रियों के शपथ के साथ साय के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में मंत्रियों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है। अब छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने मंत्रिमंडल के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया है। इस बार पुराने मंत्रियों के विभागों में बड़ा फेरबदल किया गया है और नए चेहरों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

गजेंद्र यादव को मिला शिक्षा विभाग
नए मंत्री गजेंद्र यादव को स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग और विधि एवं विधायी कार्य विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। माना जा रहा है कि शिक्षा विभाग जैसे बड़े और संवेदनशील क्षेत्र को संभालने का काम उन्हें देकर सरकार ने एक स्पष्ट संदेश दिया है कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार और पारदर्शिता सरकार की प्राथमिकता में है।
गुरु खुशवंत साहेब संभालेंगे कौशल और तकनीकी शिक्षा
गुरु खुशवंत साहेब को कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार और अनुसूचित जाति विकास विभाग सौंपा गया है। यह विभाग सीधे युवाओं के भविष्य और रोज़गार से जुड़ा हुआ है। विशेषज्ञों का कहना है कि इन विभागों पर खास ध्यान देने से प्रदेश के युवाओं को रोजगार और प्रशिक्षण के नए अवसर मिल सकते हैं।
पर्यटन और संस्कृति विभाग राजेश अग्रवाल को
राजेश अग्रवाल को पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग की कमान सौंपी गई है। छत्तीसगढ़ पर्यटन की दृष्टि से लगातार संभावनाओं वाला राज्य माना जाता है। धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों को बढ़ावा देने के साथ-साथ राज्य की पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने की जिम्मेदारी अब उनके कंधों पर है।
सीएम साय का बयान
सीएम विष्णुदेव साय ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा तय कर दिया गया है। उन्होंने लिखा कि “सुस्पष्ट कार्य विभाजन और दायित्व के साथ मेरे कैबिनेट के सहयोगी नई ऊर्जा के साथ छत्तीसगढ़ महतारी की सेवा करने तैयार हैं। सभी मंत्री प्रदेश की आकांक्षाओं को मूर्त रूप देने, हमारे संकल्पों को पूरा करने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए समर्पित रहेंगे।”
विभागीय फेरबदल का संदेश
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस बार के विभागीय बंटवारे में संतुलन साधने की कोशिश साफ दिखाई देती है। नए चेहरों को अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं, वहीं पुराने मंत्रियों के विभागों में बदलाव कर उन्हें अलग-अलग क्षेत्रों का अनुभव दिलाने की कोशिश की गई है। इससे सरकार के कामकाज में नई गति आने की उम्मीद जताई जा रही है।
Also Read: CG Education Department Transfer: शिक्षा विभाग में तबादले, कई प्राचार्यों को मिली DEO की जिम्मेदारी



