जेलों में महाकुंभ स्नान: प्रदेश के सभी जेलों में कैदियों ने किया गंगा स्नान

रायपुर, 25 फरवरी 2025
छत्तीसगढ़ के विभिन्न जेलों में आज एक अनोखा आयोजन हुआ। राज्य सरकार की ओर से उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की पहल पर राज्य के सभी प्रमुख जेलों में बंद कैदियों को गंगा जल से स्नान कराया गया। इस आयोजन का उद्देश्य कैदियों को आत्मशुद्धि और नैतिक उत्थान के मार्ग पर प्रेरित करना था।
राज्य के 5 सेंट्रल जेल, 20 जिला जेल और 8 सब-जेलों में यह विशेष आयोजन किया गया। महाकुंभ के ऐतिहासिक अवसर पर यह कार्यक्रम कैदियों को आध्यात्मिक लाभ देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था। इस दौरान जेलों में गंगा जल लाकर कैदियों को स्नान कराया गया, जिससे उनका मनोबल बढ़ा और वे मानसिक शांति की ओर अग्रसर हुए।
जेल प्रशासन ने इस आयोजन के लिए विशेष व्यवस्था की थी, और इस पहल को लेकर जेलों में उत्साह का माहौल था। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने इस मौके पर कहा कि सरकार का उद्देश्य जेल में बंद कैदियों का सुधार और पुनर्वास करना है, और इस तरह के आध्यात्मिक कार्यक्रम भविष्य में भी आयोजित किए जाएंगे।