
CG Paper Leak News:छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित प्रसिद्ध इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) से पर्चा लीक होने का गंभीर मामला सामने आया है। विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाली सेमेस्टर परीक्षा का प्रश्न पत्र समय से पहले ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। नीट परीक्षा में हुई धांधली के बाद जहां देश भर में परीक्षाओं की पारदर्शिता को लेकर कड़े कदम उठाने के दावे किए जा रहे हैं, वहीं कृषि विश्वविद्यालय की इस घटना ने परीक्षा संचालन व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के उजागर होने के बाद से ही छात्र-छात्राओं में गहरा असंतोष देखा जा रहा है।
सुबह 10 बजे होना था पर्चा, 8 बजे ही व्हाट्सएप ग्रुपों में तैरने लगा प्रश्न पत्र
Chhattisgarh Agriculture University Paper Leak: मिली जानकारी के अनुसार इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में एंटोमोलॉजी विषय की सेमेस्टर परीक्षा का आयोजन सुबह 10 बजे से होना तय था। हालांकि परीक्षा शुरू होने से करीब दो घंटे पहले यानी सुबह 8 बजे ही इस विषय का प्रश्न पत्र छात्रों के विभिन्न व्हाट्सएप और सोशल मीडिया ग्रुपों में तेजी से फैलने लगा। जब 10 बजे छात्र परीक्षा देने केंद्र पहुंचे और असली प्रश्न पत्र से मिलान हुआ, तो वायरल पर्चा पूरी तरह हुबहू निकला। इसके बाद परिसर में हलचल तेज हो गई और पेपर लीक की खबर फैल गई।
छात्रों का जमकर हंगामा, विश्वविद्यालय प्रबंधन को ज्ञापन सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग
IGKV Paper Leak News: परीक्षा से पहले ही प्रश्न पत्र बाहर आने की जानकारी मिलने के बाद छात्र-छात्राओं का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में एकत्र होकर छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया। आंदोलन कर रहे छात्रों ने प्रबंधन को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों की पहचान कर उन पर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की है। अब हर किसी की नजर इस बात पर टिकी है कि विश्वविद्यालय प्रशासन इस मामले में परीक्षा रद्द करने का फैसला लेता है या जांच कमेटी गठित करता है।



