
Dhamtari News: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में स्थित मुरुमसिल्ली जलाशय से एक दुखद खबर सामने आई है। जलाशय से सटे गांव के दो मछुआरे मछली पकड़ने के दौरान पानी के तेज बहाव में बह गए, जिससे दोनों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान रिश्ते में मामा-भांजे के रूप में हुई है। रविवार को गंगरेल ब्लू एडवेंचर स्पोर्ट्स एसोसिएशन की गोताखोर टीम ने जलाशय में सघन रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों के शवों को बाहर निकाल लिया है।

मछली पकड़ने के दौरान तेज बहाव में बहे मामा-भांजे
Murumsilli Reservoir Tragedy: प्राप्त जानकारी के अनुसार गेदरापारा निवासी 22 वर्षीय देवकरण कोडोपी और बागडोंगरी निवासी 39 वर्षीय लोकेश मांडवी रिश्ते में मामा-भांजा थे। दोनों 12 सितंबर की देर शाम गेदरापारा के पास स्थित रपटे पर मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान अचानक एक का पैर फिसल गया और वह उफान मारते पानी में बहने लगा। उसे बचाने के प्रयास में दूसरा व्यक्ति भी पानी की तेज धार की चपेट में आ गया और देखते ही देखते दोनों गहरे पानी में ओझल हो गए।

अंधेरे और तेज धारा के कारण शनिवार रात रुका था रेस्क्यू
Dhamtari Murumsilli Dam Accident: घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद ग्रामीणों ने स्थानीय थाना और नगर सेना को हादसे की सूचना दी। सूचना मिलते ही राहत दल मौके पर पहुंचा, लेकिन रात का समय होने और रपटे से आ रहे पानी के तेज बहाव के कारण बचाव कार्य में काफी बाधाएं आईं। देर रात तक तलाश करने के बाद भी जब दोनों का कोई सुराग नहीं मिला, तो पुलिस और रेस्क्यू टीम को रात में अभियान रोकना पड़ा।
गंगरेल की गोताखोर टीम ने तलाश कर निकाले शव
रविवार सुबह ग्रामीणों ने गंगरेल ब्लू एडवेंचर स्पोर्ट्स एसोसिएशन से संपर्क किया। इसके बाद सतवंत कुमार महिलांग के नेतृत्व में गोताखोरों की टीम घटनास्थल पर पहुंची। गोताखोरों ने सुरक्षा उपकरणों के साथ जलाशय में उतरकर व्यवस्थित तरीके से खोजबीन शुरू की। काफी मशक्कत के बाद एक शव घटनास्थल से लगभग 100 मीटर दूर झाड़ियों में फंसा मिला, जबकि दूसरा शव भी कुछ ही दूरी पर तैरता हुआ मिल गया।

केरेगांव पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
दोनों शवों को पानी से बाहर निकालने के बाद केरेगांव थाना पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद वरदान एंबुलेंस की मदद से दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए धमतरी जिला अस्पताल भिजवाया गया। इस हादसे के बाद दोनों गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने नागरिकों से की सतर्कता की अपील
Dhamtari Collector Appeal: घटना के बाद धमतरी कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जिले के नागरिकों से जलाशयों और नदियों के पास विशेष सावधानी बरतने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही बारिश से जलाशयों का जलस्तर बढ़ा हुआ है, ऐसे में पानी के तेज बहाव वाले स्थानों पर जाना खतरनाक हो सकता है। कलेक्टर ने आपात स्थिति में तुरंत प्रशासनिक या पुलिस अधिकारियों को सूचित करने और राहत टीमों के निर्देशों का पालन करने की हिदायत दी है।



