
Mahanadi Flood Alert Dhamtari: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण प्रमुख जलाशयों में जलभराव काफी तेजी से बढ़ा है। कैचमेंट एरिया से हो रही भारी आवक को देखते हुए बांधों की सुरक्षा और जल प्रबंधन के लिए पानी की निकासी शुरू कर दी गई है। सिंचाई विभाग द्वारा 25 सितंबर की सुबह प्राप्त आंकड़ों के अनुसार गंगरेल, मुरुमसिल्ली, दुधावा और सोदूर जलाशयों में जलस्तर खतरे के निशान के पास पहुंच गया है। इसके चलते गंगरेल बांध के 10 और रुद्री बैराज के 15 गेट खोलकर महानदी में भारी मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है।
जानिए किस जलाशय में कितना पहुंचा पानी का प्रतिशत
Dhamtari Dams Water Level Surge: जिले के चारों बड़े जलाशयों में पानी की स्थिति बेहद चिंताजनक और उफान पर बनी हुई है। मुरुमसिल्ली जलाशय अपनी क्षमता का 100 प्रतिशत भरकर पूरी तरह लबालब हो चुका है। इसके अलावा गंगरेल (रविशंकर सागर) जलाशय 98.14 प्रतिशत, दुधावा जलाशय 97.21 प्रतिशत और सोदूर जलाशय 88.18 प्रतिशत तक भर चुके हैं। जलाशयों में ऊपरी इलाकों से लगातार पानी आ रहा है, जिसके कारण जल संसाधन विभाग के इंजीनियर लगातार जलस्तर पर नजर बनाए हुए हैं।
गंगरेल और रुद्री बैराज से महानदी में भारी डिस्चार्ज
CG Heavy Rain Dam Update: गंगरेल जलाशय में इस समय 64,117 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है। बांध की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इसके 10 रेडियल गेट खोलकर 54,950 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। यही पानी नीचे रुद्री बैराज पहुंच रहा है, जहां बैराज के 15 गेट खोलकर 67,500 क्यूसेक पानी सीधे महानदी में बहाया जा रहा है। इसके साथ ही मुख्य नहर के जरिए सिंचाई के लिए 5,500 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। आवक बढ़ने पर पानी छोड़ने की यह मात्रा और भी बढ़ाई जा सकती है।
देखें वीडियो-
मुरुमसिल्ली, दुधावा और सोदूर बांध के भी खोले गए गेट
Dhamtari Gangrel Rudri Barrage Water Release: जिले के अन्य प्रमुख बांधों से भी पानी की निकासी लगातार जारी है। मुरुमसिल्ली जलाशय में 7,465 क्यूसेक पानी की आवक के मुकाबले 7,286 क्यूसेक पानी नदी में छोड़ा जा रहा है। दुधावा जलाशय में 18,724 क्यूसेक आवक के बीच 16,606 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है। इसी तरह सोदूर जलाशय में 16,624 क्यूसेक पानी आ रहा है, जहां 5 गेटों को खोलकर 16,402 क्यूसेक पानी बाहर निकाला जा रहा है।

तटीय गांवों में प्रशासन का अलर्ट और ग्रामीणों से अपील
जलाशयों और रुद्री बैराज से छोड़े जा रहे भारी पानी के कारण महानदी और उसकी सहायक नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। बाढ़ की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन और राजस्व अमले ने नदी किनारे बसे सभी तटीय गांवों में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। प्रशासन ने मुनादी कराकर ग्रामीणों, मवेशी चराने वालों और मछुआरों को नदी के पास न जाने की हिदायत दी है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला मुख्यालय में बाढ़ नियंत्रण कक्ष को 24 घंटे सक्रिय रखा गया है।
Also Read: धमतरी से अलग होगा नगरी-सिहावा? बीजेपी नेता खूबलाल ध्रुव ने मुख्यमंत्री से की नया जिला बनाने की मांग



