
बिलासपुर: तखतपुर क्षेत्र के बेलपान गांव में बुधवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां 52 वर्षीय ग्रामीण देवलाल मरकाम ने पेड़ पर फांसी लगाकर जान दे दी। उसकी जेब से मिले सुसाइड नोट में गांव के एक भाजपा नेता के बेटे पर पत्नी को भगाने का आरोप लगाया गया है।
सुसाइड नोट में लिखे आरोप
जानकारी के मुताबिक, मृतक देवलाल गांव में मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी पत्नी अनिता का गांव के ही किराना दुकानदार दद्दू कौशिक से संबंध था। सुसाइड नोट में लिखा है कि देवलाल ने कई बार दोनों को आपत्तिजनक हालत में देखा था और पत्नी को समझाने की कोशिश की थी। कुछ दिन पहले दद्दू पत्नी को लेकर भाग गया, जिससे आहत होकर उसने फांसी लगा ली।
पुलिस पर लापरवाही के आरोप
घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। सुसाइड नोट जब्त कर लिया गया है। हालांकि, परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि महिला के लापता होने की शिकायत पहले ही पुलिस को दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। अब जब देवलाल ने आत्महत्या कर ली, तब भी एफआईआर दर्ज करने में टालमटोल की जा रही है।
ग्रामीणों का एसपी दफ्तर पर हंगामा
गुरुवार को मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण एसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने आरोपी दद्दू कौशिक और मृतक की पत्नी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करेंगे।
परिजनों का आरोप
मृतक के बड़े भाई देवनाथ मरकाम ने कहा कि उनका भाई दिव्यांग था और टेलरिंग का काम करता था। उसकी पत्नी के अवैध संबंधों की शिकायत पहले भी पुलिस से की गई थी, लेकिन लापरवाही के चलते कोई कदम नहीं उठाया गया। देवनाथ ने आरोप लगाया कि पुलिस की ढिलाई के कारण ही उनके भाई को अपनी जान गंवानी पड़ी।



