
रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शहर के नामी कोचिंग सेंटर के डायरेक्टर ने शुक्रवार दोपहर को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान शैलेंद्र नगर के रहने वाले वासुदेव चंद्र (56 वर्ष) के रूप में हुई है, जो कोतवाली इलाके में स्थित वासु कोचिंग सेंटर का संचालक था। स्टाफ ने दोपहर करीब 12 बजे वासुदेव को फांसी पर लटका देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पत्नी के अवैध संबंध और झूठे केस के आरोपों से तंग
पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट और एक वीडियो मिला है, जिसमें मृतक ने अपनी मौत की वजह बताई है। मृतक वासुदेव चंद्र ने वीडियो में बताया कि वह अपनी पत्नी के अवैध संबंध और उसके प्रेमी के झूठे आरोपों से तंग आ चुके थे। उन्होंने कहा कि शादी के बाद से ही उनकी पत्नी का किसी और व्यक्ति के साथ संबंध था, जिसका विरोध करने पर झगड़ा होता था।
पत्नी, प्रेमी और ससुराल वालों पर लगाए गंभीर आरोप
सुसाइड नोट और वीडियो में मृतक ने अपनी मौत का जिम्मेदार अपनी पत्नी, पत्नी की मां और भाई के अलावा पत्नी के प्रेमी को ठहराया है। मृतक ने वीडियो में कहा कि उनकी पत्नी और ससुराल वाले उन्हें लगातार परेशान कर रहे थे। इसके अलावा, पत्नी और उसका प्रेमी मिलकर उन्हें संपत्ति के विवाद के झूठे केस में फंसा रहे थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनकी पत्नी ने दूसरी शादी भी कर ली थी।

टी-शर्ट पर लिखा ‘गेम ओवर’, पुलिस जांच में जुटी
घटना स्थल पर मृतक वासुदेव चंद्र की टी-शर्ट पर ‘गेम ओवर’ लिखा मिला। इस घटना से सभी लोग हैरान हैं, क्योंकि मृतक बेहद शांत स्वभाव के थे और कई सालों से सफलतापूर्वक कोचिंग सेंटर चला रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जाँच में जुट गई है और परिजनों से पूछताछ कर रही है।
सुसाइड वीडियो से खुले रिश्तों में धोखे के राज
मृतक द्वारा बनाया गया सुसाइड वीडियो रिश्तों में मिले धोखे की ओर इशारा करता है। वासुदेव ने अपनी परेशानियों को रिकॉर्ड कर यह बताने की कोशिश की है कि किन परिस्थितियों ने उन्हें आत्महत्या जैसा कदम उठाने पर मजबूर किया। पुलिस इस वीडियो और सुसाइड नोट को जाँच का मुख्य आधार मानकर कार्रवाई कर रही है।



