CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें SIR पर भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने, रेड नदी में डूबने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत, बस्तर दशहरा में परंपराओं पर राजनीति, गांजा तस्कर गिरफ्तार, तीजन बाई के नाम पर ‘कला ग्राम’ का ऐलान, ‘लईका चिन्हारी’ ऐप, राज्योत्सव में सारंग हेलीकॉप्टर एयर शो, फूड पार्क की जमीन पर अवैध खनन, अवैध धान परिवहन पर 7 चेक पोस्ट और बालोद में बच्चों के लिए शाम 6 बजे के बाद घूमने पर रोक समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करें।

Table of Contents

SIR पर छत्तीसगढ़ में भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने

छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक टकराव काफी तेज हो गया है। भाजपा सांसद और पार्टी के मुख्य प्रवक्ता संतोष पांडेय ने वोट चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को घेरते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष मतदाताओं को बेवजह भ्रमित कर रहा है। वहीं, दूसरी ओर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने SIR के दौरान 25 लाख लोगों के नाम काटे जाने का गंभीर दावा करते हुए भाजपा और निर्वाचन आयोग से तीखे सवाल पूछे हैं, जिससे प्रदेश की राजनीति गरमा गई है।

रेड नदी में नहाने के दौरान डूबने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौt

सूरजपुर जिले के विश्रामपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सरस्वतीपुर गांव में बहने वाली रेड नदी में नहाने गए एक ही परिवार के चार सदस्यों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में एक पिता, उनका पुत्र और उनके रिश्ते के दो नाबालिग भतीजे शामिल हैं, जो मूल रूप से बिहार के कटिहार जिले के रहने वाले थे। इस अचानक हुए भीषण हादसे के बाद पूरे इलाके में गहरा शोक छा गया है और पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

बस्तर दशहरा में परंपराओं से छेड़छाड़ का लगाया आरोप

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के छत्तीसगढ़ दौरे और विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरा के आयोजन को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने सत्तारूढ़ भाजपा सरकार पर तीखा निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने बस्तर दशहरा के ऐतिहासिक ‘मुरिया दरबार’ को मजाक बनाकर रख दिया है और इसकी पारंपरिक रीति-रिवाजों व संस्कृति के साथ छेड़छाड़ की जा रही है। साथ ही उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि राष्ट्रपति के दो बार दौरे से प्रदेश को क्या वास्तविक फायदा हुआ है।

महासमुंद और बिलासपुर पुलिस की मदद से 7 शातिर गांजा तस्कर गिरफ्तार

बलौदा बाजार जिले के सिमगा थाना क्षेत्र में ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए ओडिशा से उत्तर प्रदेश के प्रयागराज गांजा खपाने जा रहे 7 शातिर तस्करों को रंगे हाथों धर दबोचा। हैरानी की बात यह है कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक स्थानीय स्तर पर पत्रकार के सहायक के रूप में जुड़ा हुआ था और पुलिस चेकिंग के दौरान इसी पहचान का धौंस दिखाकर बचने का प्रयास करता रहा, लेकिन सतर्क पुलिस ने उसका यह पैंतरा नाकाम कर दिया।

पद्म विभूषण तीजन बाई की स्मृतियों को चिरस्थायी बनाएगी सरकार

दुर्ग जिले के अहिवारा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बानबरद में आयोजित भव्य पंडवानी महासम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घोषणा की कि छत्तीसगढ़ की महान लोक कलाकार पद्म विभूषण तीजन बाई की स्मृतियों और उनकी सांस्कृतिक विरासत को सरकार पूरी तरह चिरस्थायी बनाएगी। उनके गृह ग्राम गनियारी को ‘कला ग्राम’ के रूप में विकसित किया जाएगा, वहां के हाईस्कूल का नामकरण तीजन बाई के नाम पर किया जाएगा, और इसी वर्ष से राज्योत्सव पर उनके नाम पर नया ‘लोककला अलंकरण’ प्रदान किया जाएगा। साथ ही उन्होंने सम्मेलन में शामिल 70 लोक दलों को 25-25 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि देने की भी घोषणा की।

छत्तीसगढ़ में ‘लईका चिन्हारी’ ऐप का शुभारंभ

राज्य के शाला त्यागी, अप्रवेशी (OoSC) और विशेष आवश्यकता वाले (CWSN) बच्चों की सटीक पहचान, पंजीयन और उनकी निगरानी के लिए तैयार किए गए ‘लईका चिन्हारी’ मोबाइल ऐप का एक दिवसीय राज्य स्तरीय व्यावहारिक प्रशिक्षण निमोरा स्थित संस्थान में आयोजित किया गया। समग्र शिक्षा विभाग के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यशाला में सभी 33 जिलों से आए मास्टर ट्रेनर्स को ऐप के जरिए सर्वे, संकुल समन्वयकों द्वारा सत्यापन और बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की पूरी तकनीकी प्रक्रिया सिखाई गई, जिन्हें अब जिलों में मैदानी अमले को प्रशिक्षित करने की जिम्मेदारी दी गई है।

राज्योत्सव 2026 में दिखेगा सारंग हेलीकॉप्टर एयर शो का रोमांच

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के अवसर पर नवा रायपुर अटल नगर के सेंध लेक क्षेत्र में आयोजित होने वाले भव्य ‘सारंग हेलीकॉप्टर एयर शो’ की तैयारियों को लेकर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में भारतीय वायु सेना के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हुए। इस दौरान एयर शो के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं और दर्शकों की सुविधाओं से जुड़े सभी जरूरी प्रबंधों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के कड़े निर्देश दिए गए।

कोल्ड स्टोरेज के प्रस्तावित फूड पार्क की जगह हो रही धड़ल्ले से मुरुम की खुदाई

रायपुर से सटे चंडी क्षेत्र में एनआरडीए की 24 एकड़ शासकीय जमीन पर किसानों के लिए फूड पार्क बनाने की योजना सालों से फाइलों में कैद है, लेकिन जमीन पर अवैध खनन का खेल जोरों पर चल रहा है। खसरा नंबर 414/2 की इस जमीन से रोज 40 से 50 गाड़ियां मुरुम लादकर धड़ल्ले से निकल रही हैं, जिससे वहां बड़े-बड़े गड्ढे गहरे होते जा रहे हैं। हालांकि, मीडिया द्वारा मामला सामने आने के बाद एनआरडीए और माइनिंग विभाग के अधिकारियों ने त्वरित जांच कर कड़ी कार्रवाई करने की बात कही है।

बिलासपुर जिले में अवैध धान परिवहन रोकने के लिए 7 चेक पोस्ट पर होगी कड़ी निगरानी

आगामी समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया शुरू होने से ठीक पहले बिलासपुर जिला प्रशासन ने दूसरे राज्यों से अवैध रूप से धान लाकर स्थानीय स्तर पर खपाने वालों के खिलाफ कमर कस ली है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के सख्त निर्देशों के तहत जिले के कुल 7 महत्वपूर्ण चेक पोस्ट (जिनमें वन विभाग के 6 और खनिज विभाग का 1 चेक पोस्ट शामिल है) पर विशेष निगरानी दल तैनात किया गया है, जो अवैध धान के परिवहन पर पैनी नजर रखेगा।

बच्चों के बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए शाम 6 बजे के बाद घूमने-फिरने पर लगाई रोक

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के डौंडी विकासखंड के अंतर्गत आने वाले 11 गांवों के ग्रामीणों और पालकों ने स्कूली बच्चों के लगातार गिरते परीक्षा परिणाम और उन्हें बुरी संगत से दूर रखने के लिए एक बेहद सराहनीय और अनूठी पहल की है। संकुल केंद्र सुरडोंगर के इन गांवों में मुनादी कराकर फैसला लिया गया है कि बच्चे शाम 6 बजे के बाद बिना किसी जरूरी काम के घर से बाहर नहीं निकलेंगे और समय का पूरा सदुपयोग पढ़ाई में करेंगे। बच्चों की पढ़ाई की नियमित निगरानी के लिए 100 पेज की विशेष कॉपी की व्यवस्था भी की गई है, जिसके सकारात्मक परिणाम तिमाही परीक्षाओं में दिखने लगे हैं।

Also Read: सीएम साय का बड़ा फैसला, छत्तीसगढ़ में अब सोलर पैनल पर मिलेगी डबल सब्सिडी, ऐसे करें आवेदन

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button