
Raipur Tiranga Yatra Traffic Diversion Route Chart: हर घर तिरंगा अभियान के तहत आज रायपुर शहर में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा इंडोर स्टेडियम से शुरू होकर सुभाष स्टेडियम तक जाएगी। इस आयोजन में भारी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए रायपुर यातायात पुलिस ने शहर की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए विस्तृत ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। यात्रा के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर आम वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। वाहन चालकों को परेशानी से बचाने के लिए पुलिस ने वैकल्पिक रास्ते तय कर दिए हैं।
तिरंगा यात्रा इंडोर स्टेडियम से प्रारंभ होकर गणेश मंदिर तिराहा, बूढ़ापारा बिजली ऑफिस, नगर निगम भवन के सामने की सड़क, महिला थाना चौक और फायर ब्रिगेड चौक से होते हुए सुभाष स्टेडियम पहुंचेगी। यात्रा के पूरे रूट पर सामान्य ट्रैफिक पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए तय किए गए डायवर्सन रूट का ही पालन करें।
यातायात पुलिस द्वारा जारी डायवर्सन रूट और व्यवस्था इस प्रकार है:
- बूढ़ेश्वर चौक से बूढ़ापारा बिजली ऑफिस मार्ग: इस तरफ जाने वाले वाहन चालक बूढ़ेश्वर चौक से परिक्रमा पथ होकर पुलिस लाइन गेट से निकलते हुए कालीबाड़ी मार्ग का उपयोग कर सकते हैं।
- शास्त्री चौक से महिला थाना मार्ग: इस ओर आने वाले वाहनों को बंजारी चौक, राजभवन चौक, कालीमाई तिराहा, ओसीएम चौक और महिला थाना चौक से होते हुए कालीबाड़ी मार्ग की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
- कालीबाड़ी से कोतवाली चौक मार्ग: इस रूट के वाहन चालक कालीबाड़ी चौक से महिला थाना चौक, ओसीएम चौक, काली माता मंदिर तिराहा, राजभवन चौक और घड़ी चौक वाले रास्ते से आ-जा सकेंगे।
- कोतवाली से कालीबाड़ी और सदर बाजार से बूढ़ापारा मार्ग: इस दिशा में जाने वाले वाहन सदर बाजार मार्ग से कंकालीपारा चौक, पुरानी बस्ती, बूढ़ेश्वर चौक और पुलिस लाइन गेट होकर आगे बढ़ सकेंगे।
- पार्किंग व्यवस्था: यात्रा में भाग लेने वाले नागरिकों के लिए अलग से पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। नागरिक अपने वाहनों को वहां खड़ा करके पैदल इंडोर स्टेडियम तक पहुंच सकते हैं।



