CM Jan Paryatan Protsahan Yojana: घूमने के शौकीन छत्तीसगढ़ के लोगों के लिए खुशखबरी, इन जगहों पर जाने के लिए सरकार देगी इतना पैसा, प्रदेश में शुरू हुई ये नई योजना

रायपुर: छत्तीसगढ़ के घूमने के शौकीन लोगों के लिए खुशखबरी है। प्रदेश में मुख्यमंत्री जन पर्यटन प्रोत्साहन योजना की शुरुआत की गई है, जिसके तहत छत्तीसगढ़ पर्यटन विभाग और आईआरसीटीसी मिलकर पर्यटकों के लिए विशेष टूर पैकेज लाए हैं। इन पैकेजों में बच्चों को 85% और वयस्कों को 75% तक सब्सिडी दी जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह महत्वपूर्ण योजना पर्यटन को जन-जन तक पहुँचाने के लिए शुरू की गई है, जिससे आर्थिक विकास को बल मिलेगा।

रायपुर और बस्तर के लिए शुरू हुए चार प्रमुख टूर पैकेज

इस योजना के अंतर्गत रायपुर से चार प्रमुख टूर पैकेज संचालित किए जाएंगे। इनमें रायपुर सिटी टूर (एक दिवसीय), रायपुर सिटी धार्मिक टूर (एक दिवसीय), रायपुर–जगदलपुर सर्किट टूर (02 रातें / 03 दिन) और रायपुर–सिरपुर–बारनवापारा सर्किट टूर (01 रात / 02 दिन) शामिल हैं। पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि यह योजना स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ रोजगार के व्यापक अवसर भी उपलब्ध कराएगी।

पैकेज में वातानुकूलित वाहन और गाइड की सुविधा

सभी टूर पैकेजों को आरामदायक और सुरक्षित यात्रा के लिए डिज़ाइन किया गया है। प्रत्येक पैकेज में वातानुकूलित वाहन, हिंदी-अंग्रेजी गाइड, उत्तम भोजन और ट्रैवल इंश्योरेंस जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। रायपुर-जगदलपुर और रायपुर-सिरपुर-बारनवापारा सर्किट टूर में होटल में ठहरने (डबल-शेयरिंग) की व्यवस्था भी शामिल है। सभी पैकेज रायपुर रेलवे स्टेशन से शुरू और समाप्त होंगे।

सर्किट टूर में जंगल सफारी और वाटरफॉल का अनुभव

रायपुर सिटी टूर में राम मंदिर, ऊर्जा पार्क, पुरखौती मुक्तांगन और कौशल्या माता मंदिर जैसी जगहें शामिल हैं। रायपुर-जगदलपुर सर्किट टूर में चित्रकोट जलप्रपात, कुटुमसर गुफा और कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान जैसे प्राकृतिक आकर्षणों का आनंद मिलेगा। वहीं, रायपुर-सिरपुर-बारनवापारा सर्किट टूर में ऐतिहासिक मंदिरों की यात्रा के साथ-साथ बारनवापारा वन्यजीव अभयारण्य में जंगल सफारी का रोमांचक अनुभव भी मिलेगा।

सब्सिडी का लाभ लेने के लिए 10 लोगों का समूह अनिवार्य

इस योजना के तहत सब्सिडी का लाभ लेने के लिए प्रत्येक पैकेज में कम से कम 10 व्यक्तियों का समूह आवश्यक है। 2 से 18 वर्ष तक के बच्चों को 85% और 18 वर्ष से अधिक के वयस्कों को 75% सब्सिडी प्रदान की जाएगी। इस पहल से स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक समृद्धि देश और दुनिया तक पहुँच सकेगी।

Also Read: प्रसिद्ध साहित्यकार विनोद कुमार शुक्ल की तबीयत बिगड़ी, AIIMS में भर्ती

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button