CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें कोरबा होटल में युवती की संदिग्ध मौत से हड़कंप, सुकमा ज्वेलरी लूटकांड के मास्टरमाइंड समेत 3 गिरफ्तार, हाईवे पर आतिशबाजी कर बर्थडे मनाने वाले रसूखदार युवक पकड़े गए, सांसद बृजमोहन का जमीन गाइडलाइन पर बड़ा बयान, CRMC भुगतान अटका तो डॉक्टरों ने पोस्टमार्टम रोका, छत्तीसगढ़ की हिराबाई ‘शिल्प गुरु’ सम्मान से होगी सम्मानित, मुख्य सचिव ने सचिव–कमिश्नर को बजट का बहीखाता तलब किया, महतारी वंदन में 2.30 लाख महिलाओं के नाम कटे, ओपन स्कूल परीक्षा 2026 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू समेत पढ़ें CG की सभी प्रमुख खबरें… 

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।

Table of Contents

कोरबा के होटल में मिली युवती की लाश, बायफ्रेंड फरार होने से हड़कंप

Hotel Murder: कोरबा में एक होटल के कमरे में जांजगीर जिले की एक 20 वर्षीय युवती (संध्या दास) की लाश मिलने से हड़कंप मच गया है। युवती अपने दोस्त राकेश कुमार मानिकपुरी के साथ होटल में रुकी थी, जो घटना के बाद से फरार है। होटल स्टाफ को सुबह कमरे में कोई हलचल न होने पर शक हुआ, जिसके बाद यह घटना सामने आई। पुलिस ने मृतिका की पहचान कर उसके परिजनों को सूचित कर दिया है। पुलिस इस पूरे मामले को हत्या मानकर जाँच कर रही है और फरार युवक राकेश की तलाश में जुटी है। युवक के पकड़े जाने के बाद ही मौत की असल वजह स्पष्ट हो पाएगी।

ज्वेलरी शॉप लूटकांड में 3 गिरफ्तार, गांजा तस्कर निकला मास्टर माइंड, भिंड से बुलाए थे दो साथी

Jewellery Heist: सुकमा में ज्वेलरी शॉप से हुए लाखों रुपये के लूटकांड में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महज तीन घंटे के भीतर इस वारदात को सुलझा लिया और लूट के सारे जेवरात बरामद कर लिए। जाँच में खुलासा हुआ है कि लूट की साज़िश का मास्टरमाइंड गांजा तस्कर अंकित था, जिसने मध्यप्रदेश के भिंड से अपने दो साथियों को बुलाकर पूरी योजना बनाई थी। पुलिस ने आरोपियों के पास से 12.80 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, वारदात में प्रयुक्त पिस्टल, चाकू और मोटरसाइकिल जब्त की है।

सुकमा ज्वेलरी शॉप में लाखों की लूट, पिस्टल की नोक पर वारदात, भीड़ ने एक आरोपी को पकड़ा

Robbery Arrest: सुकमा जिले के मुख्य शहर में स्थित दुर्गा ज्वेलरी शॉप में गुरुवार रात दो नकाबपोश बदमाशों ने पिस्टल की नोक पर लाखों रुपये की लूट की वारदात को अंजाम दिया। लूट के बाद भाग रहे दो आरोपियों में से एक को लोगों की भीड़ ने पीछा कर धर दबोचा, जबकि दूसरे आरोपी को पुलिस ने देर रात गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार दोनों आरोपी मध्यप्रदेश के रहने वाले हैं। घटना की सूचना मिलते ही एसपी किरण चव्हाण मौके पर पहुंचे थे और नाकेबंदी के कारण पुलिस ने त्वरित सफलता हासिल की।

नेशनल हाईवे पर कार रोककर मनाया बर्थडे, कांग्रेस नेता का बेटा समेत रसूखदार युवकों का गैंग गिरफ्तार

Highway Celebration: बिलासपुर में नेशनल हाईवे पर गाड़ियां खड़ी कर बर्थडे मनाने के मामले में पुलिस ने कांग्रेस नेता के बेटे सुजल देवांगन समेत करीब दर्जनभर रसूखदार युवकों को गिरफ्तार किया है। युवकों के इस गैंग ने तीन कारों को हाईवे पर रोककर बोनट पर केक काटा और जमकर आतिशबाजी की, जिससे यातायात बाधित हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर सभी को पकड़ा और सार्वजनिक जगह पर यातायात बाधित करने और जन-सुरक्षा को खतरे में डालने के आरोप में केस दर्ज किया है। साथ ही उनके लाइसेंस निलंबित करने के लिए आरटीओ को रिपोर्ट भेजी गई है।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल का बड़ा बयान: छत्तीसगढ़ में बढ़ाई गई जमीनों की कीमत पर जताई चिंता

Land Price Hike: छत्तीसगढ़ से बीजेपी सांसद बृजमोहन अग्रवाल निजी कार्यक्रम में शामिल होने ग्वालियर पहुंचे और राज्य की जमीनों की कीमत पर नई गाइडलाइन को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष के बीच में कीमत बढ़ाने से लोगों में असंतोष है और इससे राज्य की अर्थव्यवस्था ठप हो जाएगी। उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इसे स्थगित करने और उच्च स्तरीय कमेटी बनाने का आग्रह किया है। उन्होंने कांग्रेस पर भी हमला करते हुए कहा कि सदन चर्चा के लिए होता है, नाटक के लिए नहीं।

CRMC लंबित भुगतान: बीजापुर के डॉक्टरों ने रोका नक्सलियों का पोस्टमार्टम, प्रशासन के आश्वासन पर किया शुरू

Doctor Protest: बस्तर संभाग में CRMC (नक्सल क्षेत्र प्रोत्साहन राशि) के 11 महीनों से लंबित भुगतान को लेकर डॉक्टरों का विरोध गंभीर हो गया। बीजापुर जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने मृत नक्सलियों के शवों का पोस्टमार्टम करने से इनकार कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, उनकी प्रोत्साहन राशि अटकी हुई है, जबकि केंद्र सरकार निधि जारी कर चुकी है। जिला प्रशासन ने तत्काल हस्तक्षेप कर 11 दिसंबर 2025 तक भुगतान का आश्वासन दिया, जिसके बाद डॉक्टरों ने जनहित में पोस्टमार्टम शुरू किया। यह आंदोलन अब पूरे बस्तर में फैल गया है।

छत्तीसगढ़ की हिराबाई बघेल को ‘शिल्प गुरु’ सम्मान, राष्ट्रपति करेंगी सम्मानित

छत्तीसगढ़ के हस्तशिल्प को एक और राष्ट्रीय पहचान मिलने जा रही है, जहां 9 दिसंबर 2025 को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय हस्तशिल्प पुरस्कार 2025 समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बस्तर की हिराबाई झरेका बघेल को धातु कला (बेल मेटल) में उनके अद्वितीय कौशल और कला के संरक्षण के लिए सर्वोच्च ‘शिल्प गुरु’ सम्मान से सम्मानित करेंगी।

मुख्य सचिव ने सचिव, कमिश्नर और एमडी को किया तलब, बजट खर्च न करने का मांगा ब्यौरा

Budget Review: छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकासशील ने राज्य के एचओडी, सचिव, कमिश्नर और एमडी की 9 दिसंबर को मैराथन बैठक बुलाई है। इस बैठक का मुख्य एजेंडा बजट लेने और उसे खर्च न करने का हिसाब लेना है। मुख्य सचिव ने पाया है कि कई विभागों में बजट होने के बाद भी उसे खर्च नहीं किया गया, जिस पर सरकार ने नाराजगी जताई है। अब सभी अफसरों को बजट और खर्च का पूरा बहीखाता लेकर बैठक में हाजिर होना होगा, जहाँ काम की डेडलाइन तय की जाएगी।

महतारी वंदन योजना से 2 साल में सवा 2 लाख महिलाएं बाहर, सरकार को चुकाना पड़ा 14 हजार करोड़ का चंदन

Mahtari Vandan: महतारी वंदन योजना, जो बीजेपी की सरकार बनाने में ट्रंप कार्ड साबित हुई थी, अब सरकार की खराब माली हालत पर भारी पड़ रही है। दो साल के कार्यकाल में सरकार इस योजना में 14 हजार 306 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च कर चुकी है। इसका असर यह हुआ है कि पिछले 22 महीनों में 2 लाख 30 हजार 692 महिलाएं इस योजना से बाहर हो चुकी हैं। सरकार का कहना है कि तकनीकी खामी, मौत या आधार लिंक न होने के कारण नाम कम हुए हैं, लेकिन योजना पर खर्च लगातार सरकारी खजाने पर दबाव बना रहा है।

छत्तीसगढ़ ओपन स्कूल की हाईस्कूल-हायर सेकंडरी परीक्षा 2026 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू

Open School Admission: छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल, रायपुर ने हाईस्कूल एवं हायर सेकंडरी मुख्य/अवसर परीक्षा मार्च–अप्रैल 2026 के लिए प्रवेश प्रक्रिया आरंभ कर दी है, जिसमें शामिल होने के इच्छुक छात्र-छात्राएं 15 जनवरी 2026 तक सामान्य शुल्क के साथ आवेदन कर सकते हैं, जबकि विलंब शुल्क ₹500 के साथ आवेदन 25 जनवरी 2026 तक जमा किए जा सकेंगे; यह आवेदन प्रक्रिया ओपन स्कूल की आधिकारिक वेबसाइट (http://www.sos.cg.nic.in) और निकटतम अध्ययन केंद्रों पर ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से उपलब्ध है, इसलिए स्कूल प्रबंधन ने सभी पात्र विद्यार्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है।

Also Read: CG Assembly Winter Session: छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र में इन मुद्दों पर मचेगा हंगामा, पहले दिन छत्तीसगढ़ विजन पर होगी चर्चा

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button