CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें रायगढ़ में एक ही परिवार की हत्या से सनसनी, गरियाबंद में 10 नक्सली ढेर, रायपुर में गैंगवार से दहशत, जांजगीर में नाबालिग से गैंगरेप व फिरौती, शिक्षा विभाग की लापरवाही उजागर, बेमेतरा में गौ माता को ‘राजमाता’ का दर्जा दिलाने आंदोलन, भूपेश बघेल को टैक्स नोटिस, राज्योत्सव में वायुसेना का शौर्य प्रदर्शन, महंगी बिजली पर कांग्रेस का प्रदर्शन, आयुष्मान भारत योजना से जारी मुफ्त इलाज, किसानों ने फांसी का फंदा डालकर जताया विरोध समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।
रायगढ़ में एक ही परिवार के 4 लोगों की हत्या
Murder Case: रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र के ठूसकेला राजीव नगर में दिल दहला देने वाली वारदात हुई। यहां पति, पत्नी और उनके दो बच्चों का शव घर की बाड़ी में मिट्टी में दबा हुआ मिला। मामले की पुष्टि एसपी दिव्यांग पटेल ने की। उन्होंने बताया कि चारों की हत्या की गई है और शवों को छुपाने के लिए मिट्टी से ढक दिया गया था। फिलहाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने की बात कही है। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
गरियाबंद में बड़ी सफलता, 1 करोड़ के इनामी नक्सली मोडेम बालकृष्णा ढेर
Naxal Encounter: छत्तीसगढ़ में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। गरियाबंद जिले में मुठभेड़ के दौरान केंद्रीय कमेटी सदस्य और 1 करोड़ के इनामी नक्सली मोडेम बालकृष्णा उर्फ मनोज समेत 10 नक्सलियों को मार गिराया गया। इस सफलता पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि नक्सलवाद का अंत अब तय है और 31 मार्च 2026 तक इसे पूरी तरह समाप्त कर दिया जाएगा। साथ ही नक्सलियों को चेतावनी दी गई है कि समय रहते आत्मसमर्पण कर दें।
रायपुर में अपराधियों का गैंगवार, कार चढ़ाने की कोशिश
Raipur Gang War: राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र में गैंगवार की घटना सामने आई। पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हुआ, जो हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान लाठी-डंडे और पत्थरों का इस्तेमाल हुआ और एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर कार चढ़ाने की कोशिश भी की। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पूर्व-प्राथमिक स्कूलों की जानकारी प्रशासन के पास नहीं
CG Education Dept: छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा विभाग की लापरवाही का बड़ा मामला सामने आया है। प्रदेश में संचालित पूर्व-प्राथमिक स्कूलों (प्ले स्कूल, किड स्कूल) का कोई भी रिकॉर्ड लोक शिक्षण संचालनालय के पास उपलब्ध नहीं है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि प्रदेश में कितने स्कूल चल रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि शिक्षा व्यवस्था की सही मॉनिटरिंग के लिए यह जानकारी जरूरी है।
गौ माता को ‘राजमाता’ का दर्जा दिलाने की मांग पर आंदोलन
CG Protest: बेमेतरा में गौ माता को ‘राजमाता’ का दर्जा देने की मांग को लेकर आंदोलन जारी है। शिव गंगा धाम के दंडी स्वामी ज्योतिर्मयानंद के नेतृत्व में हजारों लोग कलेक्टरेट पहुंचे और प्रदर्शन किया। धरने और चक्का जाम की वजह से रायपुर-जबलपुर हाइवे पर जाम लग गया है। आंदोलन में महिलाएं, बच्चे और बड़ी संख्या में गौ भक्त शामिल हुए।
भूपेश बघेल को नगर निगम का नोटिस
Tax Notice: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को रायपुर नगर निगम की ओर से टैक्स नोटिस भेजा गया है। नोटिस में उनके पुराने शासकीय आवास ‘पाटन सदन’ के लिए 7,258 रुपये जमा करने कहा गया है। बघेल ने इसे अवैध बताते हुए भी राशि चुकाने का ऐलान किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर तंज कसा कि अब मौजूदा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को भी अपने आवास ‘कुनकुरी सदन’ का टैक्स चुकाना पड़ सकता है।
राज्योत्सव में वायु सेना का शौर्य प्रदर्शन
CG Rajyotsav: छत्तीसगढ़ की रजत जयंती वर्ष के अवसर पर होने वाले राज्योत्सव में इस बार भारतीय वायु सेना का शानदार शौर्य प्रदर्शन होगा। अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू ने मंत्रालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान वायु सेना की सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम आसमान में करतब दिखाएगी। इसके अलावा हेलीकॉप्टर भी कार्यक्रम में शामिल रहेंगे।
मनमाना बिजली बिल पर कांग्रेस करेगी प्रदर्शन
Power Tariff: छत्तीसगढ़ में बिजली बिलों को लेकर विवाद बढ़ गया है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने आरोप लगाया कि सरकार महतारी वंदन योजना के नाम पर जनता को धोखा दे रही है। उन्होंने कहा कि जहां एक ओर सरकार 1 हजार रुपये दे रही है, वहीं बिजली बिल बढ़ाकर 5 हजार रुपये वसूले जा रहे हैं। कांग्रेस ने इस मुद्दे पर बड़ा आंदोलन करने का ऐलान किया है।
प्राइवेट अस्पतालों में जारी है आयुष्मान से मुफ्त इलाज
Ayushman Bharat: आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत प्रदेश के पंजीकृत निजी अस्पतालों में मरीजों का मुफ्त इलाज जारी है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, रोजाना 1,600 से 1,700 दावे प्रस्तुत किए जा रहे हैं जिनकी राशि 4 करोड़ रुपये से अधिक है। इस वित्तीय वर्ष में अब तक राज्य सरकार 375 करोड़ रुपये जारी कर चुकी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी आयुष्मान कार्डधारक से इलाज के लिए अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा।
राजनांदगांव में किसानों ने लगाया फांसी का फंदा
Farmers Protest: राजनांदगांव जिले के सिंघोल में किसानों ने खाद की कमी और समिति प्रबंधक को हटाने की मांग को लेकर अनोखा प्रदर्शन किया। कलेक्टरेट पहुंचकर किसानों ने गले में फांसी का फंदा डालकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ता भी किसानों के साथ मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन और तेज होगा।
Also Read: कुरुद में रास-गरबा का प्रशिक्षण देंगे गुजरात के राष्ट्रीय ट्रेनर, शारदीय नवरात्र पर होगा भव्य आयोजन



