
छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रमुख और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी अध्यक्ष के अमित बघेल की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह कथित तौर पर अपने परिचितों के घरों में छिपा हुआ है। इसी जानकारी के आधार पर पुलिस ने छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के सदस्यों शिवेंद्र वर्मा (निवासी सड्डू) और अजय यादव (निवासी धरमनगर, टिकरापारा) के घरों पर छापा मारा है। पुलिस उनसे गहन पूछताछ कर रही है, जबकि कई टीमें राज्य के अलग-अलग स्थानों पर अमित बघेल की तलाश में जुटी हैं।

विवादित टिप्पणी और कई शहरों में FIR दर्ज
अमित बघेल के खिलाफ यह कार्रवाई उनके विवादित बयानों के कारण हो रही है। उन्होंने छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति तोड़ने की घटना के बाद अग्रसेन महाराज और सिंधी समाज के ईष्ट देवता झूलेलाल जी पर टिप्पणी की थी। इन टिप्पणियों से आहत होकर, अग्रवाल समाज और सिंधी समाज ने रायपुर के दो अलग-अलग थानों में उनके खिलाफ FIR दर्ज कराई है। केवल रायपुर ही नहीं, बल्कि दुर्ग, धमतरी, इंदौर, ग्वालियर, नोएडा, महाराष्ट्र और प्रयागराज सहित देश के कई थानों में अमित बघेल के खिलाफ शिकायतें दर्ज की गई हैं।

हिंदुस्तानी भाऊ ने बयान की कड़ी निंदा की
‘बिग बॉस 13’ फेम विकास पाठक उर्फ हिंदुस्तानी भाऊ ने सिंधी समाज को लेकर अमित बघेल के विवादित बयान पर अपनी नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि अमित बघेल जैसे लोगों के कारण पूरा हिंदू धर्म बदनाम होता है।

भाऊ ने जोर देकर कहा कि गलती करने वाले को सजा मिलनी चाहिए, लेकिन किसी एक व्यक्ति की वजह से किसी धर्म या देवी-देवता के बारे में गलत बोलना उचित नहीं है। उन्होंने सिंधी समाज के योगदान को याद करते हुए लोगों से अपील की कि वे अमित बघेल जैसे व्यक्तियों का समर्थन न करें।

छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति तोड़फोड़ से उपजा विवाद
इस पूरे विवाद की शुरुआत रायपुर के VIP चौक पर छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति में तोड़फोड़ से हुई थी। इसके विरोध में छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने हंगामा किया था, जिसके बाद सेना और पुलिसकर्मियों के बीच झड़प भी हुई। हालांकि, छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति को दोबारा स्थापित कर दिया गया है।

पुलिस ने मूर्ति तोड़ने वाले आरोपी मनोज सतनामी को सोमवार सुबह ही गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी मानसिक रूप से बीमार है और उसने नशे की हालत में यह घटना की थी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए भेजा गया था।

सिंधी और अग्रवाल समाज ने जताया कड़ा विरोध
अमित बघेल की टिप्पणी पर छत्तीसगढ़अग्रवाल समाज के केंद्रीय अध्यक्ष दाऊ अनुराग अग्रवाल ने कड़ा विरोध जताया है। उन्होंने कहा कि अग्रसेन महाराज का योगदान अतुलनीय रहा है और समाज ने हमेशा लोक कल्याण में सहयोग दिया है, जैसे कि कृषि विश्वविद्यालय और डीकेएस अस्पताल के लिए जमीन दान देना। अग्रवाल ने कहा कि एक असामाजिक तत्व की हरकत पर सरकार ने तत्काल कार्रवाई की, लेकिन इसके बीच में क्रांति सेना के नेताओं द्वारा अनर्गल बयान देना असहनीय है। उन्होंने अमित बघेल से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।
Also Read: पशु ट्राली में नेताओं के कटआउट ढोने से बढ़ा विवाद, तीन अफसरों को नोटिस जारी



