
Khairagarh News: छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली और स्तब्ध कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 13 साल की बच्ची ने अपने ही चार साल के भाई और डेढ़ साल की बहन को कुएं में धकेल कर मौत के घाट उतार दिया। मृतक बच्चों की पहचान करण वर्मा (4 वर्ष) और राधिका वर्मा (1.5 वर्ष) के रूप में हुई है, जो आपस में पारिवारिक भाई-बहन थे।

पारिवारिक संपत्ति विवाद बना तनाव का कारण
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में इस घटना के पीछे पारिवारिक विवाद होने की बात सामने आई है। पता चला है कि बच्चों के दो परिवारों के बीच संपत्ति को लेकर लंबे समय से मनमुटाव चल रहा था। इस विवाद के कारण ही दोनों परिवारों के माता-पिता बच्चों को आपस में खेलने भी नहीं देते थे, जिससे बच्चों के बीच भी तनावपूर्ण माहौल बन गया था।
छोटे भाई के चिढ़ाने पर आया गुस्सा
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया है कि 13 वर्षीय बच्ची का 4 साल का भाई करण वर्मा उसे किसी बात को लेकर चिढ़ा रहा था, जिससे बड़ी बहन काफी गुस्सा थी। इसी गुस्से की वजह से जब दोनों बच्चे घर के पास कुएं के पास खेल रहे थे, तो 13 साल की बच्ची ने आवेश में आकर अपने भाई करण को कुएं में धकेल दिया।

चुप कराने के लिए बहन को भी कुएं में धकेला
भाई को कुएं में धकेलने की पूरी घटना डेढ़ साल की बहन राधिका वर्मा ने देख ली थी। अपनी बहन को यह सब करते देखकर राधिका रोने लगी। इसके बाद 13 साल की बड़ी बहन ने अपनी गलती छिपाने और डेढ़ साल की बच्ची को चुप कराने के लिए, उसके पास रखे रूमाल से उसका मुंह बांधा और उसे भी कुएं में धकेल कर मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस हिरासत और साइकोलॉजिकल खुलासा
पुलिस ने इस जघन्य वारदात को अंजाम देने वाली 13 साल की बच्ची को अपनी कस्टडी में ले लिया है और उससे विस्तृत पूछताछ की जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस मामले पर आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। पुलिस जल्द ही एक प्रेस कांफ्रेंस आयोजित करने की तैयारी कर रही है, जिसमें इस पूरी घटना के पीछे बच्ची की मानसिकता (साइकोलॉजी) और कारणों का खुलासा किए जाने की संभावना है।
Also Read: Bee Attack: जगदलपुर में दर्दनाक हादसा: मधुमक्खियों के हमले से बचने तालाब में कूदे पिता-पुत्र, डूबने से दोनों की मौत



