CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की आज की 10 बड़ी खबरें, मैनपाट में BJP प्रशिक्षण शिविर से लेकर रायपुर में मिलावटी शराब का खुलासा, पंडरिया को मिला विकास का तोहफा, तोमर बंधुओं की संपत्ति होगी जब्त, सांप काटने पर स्वास्थ्य विभाग की चेतावनी समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 news Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे

Table of Contents

मैनपाट में BJP का बड़ा प्रशिक्षण शिविर, सीएम समेत कई नेता रवाना

BJP Training Camp in Mainpat: छत्तीसगढ़ के मैनपाट, जिसे “छत्तीसगढ़ का शिमला” कहा जाता है, में आज से भारतीय जनता पार्टी का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू होने जा रहा है। इस शिविर का उद्घाटन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, डिप्टी सीएम विजय शर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल और विधायक सुनील सोनी समेत कई बड़े नेता दुर्ग-अंबिकापुर एक्सप्रेस से अंबिकापुर के लिए रवाना हो चुके हैं। सीएम साय ने कहा कि यह शिविर “विकसित छत्तीसगढ़” की दिशा में एक मजबूत कदम साबित होगा।

कांग्रेस अध्यक्ष खरगे आज छत्तीसगढ़ में, ‘किसान-जवान-संविधान सभा’ में होंगे शामिल

Congress President Kharge Visit to CG: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे आज रायपुर पहुंचेंगे। वह साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित ‘किसान-जवान-संविधान सभा’ में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में वे कार्यकर्ताओं को उत्साह से भरने के साथ-साथ नेताओं के साथ एक अहम बैठक भी करेंगे। यह दौरा कांग्रेस के मिशन 2024 की तैयारी के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

बारिश में बढ़ा सांप का खतरा, स्वास्थ्य विभाग की चेतावनी

Snakebite Advisory by Health Department: छत्तीसगढ़ में बरसात शुरू होते ही स्वास्थ्य विभाग ने सर्पदंश को लेकर एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने बताया कि बारिश के मौसम में सांप और बिच्छू जैसे जीव अपने बिलों में पानी भर जाने के कारण मानव बस्तियों की ओर रुख करते हैं, जिससे लोगों के काटे जाने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। इस दौरान अक्सर लोग झाड़-फूंक जैसी परंपरागत और अंधविश्वासपूर्ण पद्धतियों में विश्वास कर समय गंवा देते हैं, जिससे पीड़ित की जान पर बन आती है। विभाग ने चेताया है कि सांप के काटने पर तुरंत अस्पताल जाकर एंटीवेनम से इलाज कराना ही एकमात्र सुरक्षित विकल्प है। साथ ही सलाह दी गई है कि घबराएं नहीं, घाव को हिलाएं नहीं और किसी प्रकार का कड़ा कपड़ा न बांधें।

पहली बारिश में खुली हाईवे निर्माण की पोल, सड़क कई जगह धंसी

Highway Construction Exposed in First Rain: बिलासपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे पर 139 करोड़ की लागत से चल रहा निर्माण कार्य पहली ही बारिश में फेल हो गया। गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही इलाके में लगातार तीन दिन की बारिश से कई जगह सड़क धंस गई है। यह मामला भ्रष्टाचार की गहरी कहानी बयां कर रहा है। निर्माण में घोटाले की आशंका तेज हो गई है।

CM साय ने आवास और पर्यावरण विभाग की समीक्षा बैठक ली, नवा रायपुर को लेकर दिए निर्देश

CM Reviews Nava Raipur Development: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आवास और पर्यावरण विभाग की समीक्षा बैठक में नवा रायपुर के भविष्य के विकास की रूपरेखा पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नवा रायपुर को योजनाबद्ध और पर्यावरण-अनुकूल तरीके से विकसित किया जाएगा।

फरार तोमर बंधुओं पर कार्रवाई तेज, गिरफ्तारी वारंट जारी

Tomar Brothers Arrest Warrants Issued: ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली के मामलों में फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर वीरेन्द्र सिंह तोमर और रोहित सिंह तोमर के खिलाफ अदालत ने गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया है। दोनों की संपत्ति जब्त करने की तैयारी भी चल रही है। पुलिस अब दोनों की तलाश में तेजी से काम कर रही है।

बाबा धाम जाने वालों के लिए खुशखबरी, दुर्ग से पटना के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन

Special Train for Baba Dham Pilgrims: श्रावण मास में बाबा धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को रेलवे ने बड़ी राहत दी है। दुर्ग से पटना के बीच एक स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है, जो आठ दिनों तक यात्रियों को सेवा देगी। इससे यात्रियों को सुविधा और भीड़ से राहत मिलेगी।

CM विष्णुदेव साय की बड़ी घोषणाएं, पंडरिया को मिलेगा समावेशी विकास का तोहफा

CM Major Announcements for Pandariya: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए विकास की कई योजनाओं की घोषणा की। उन्होंने रणवीरपुर में नवीन उप-तहसील, बिरेंद्र नगर में कॉलेज, पंडरिया में 250 सीटर नालंदा परिसर और कुण्डा में कॉलेज भवन के निर्माण की बात कही। इसके साथ ही पंडरिया नगर पालिका भवन और राष्ट्रीय राजमार्ग-130ए को चौड़ीकरण कर फोर-लेन बनाए जाने की योजना का भी ऐलान किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘समावेशी विकास और सुशासन’ की सोच को धरातल पर उतारने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है।

रायपुर में दिव्यांगजनों के लिए प्लेसमेंट कैंप, मिलेगी नौकरी और परामर्श

Job Fair for Persons with Disabilities in Raipur: दिव्यांगजनों को रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए रायपुर के शासकीय आईटीआई सड्डू में 7 जुलाई को प्लेसमेंट कैंप आयोजित किया जाएगा। कैंप में राइस मिल, पेट्रोल पंप, स्पंज आयरन और वेयरहाउस जैसी कंपनियों में 100 से अधिक दिव्यांग अभ्यर्थियों की भर्ती की जाएगी। चयनित उम्मीदवारों को 10,000 से 20,000 रुपये मासिक वेतन दिया जाएगा। 18 से 40 वर्ष की आयु वाले दिव्यांगजन इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं। उम्मीदवारों को शैक्षणिक दस्तावेज, आधार कार्ड, रोजगार पंजीयन प्रमाणपत्र और दिव्यांगता प्रमाणपत्र के साथ उपस्थित होना होगा।

मिलावटी शराब का खेल उजागर, आबकारी अधिकारियों पर भी शक

Liquor Scam in Raipur Exposed: रायपुर के लालपुर स्थित शराब दुकान में मिलावटी शराब बेचे जाने का खुलासा हुआ है। प्लेसमेंट एजेंसी के कर्मचारी शेखर बंजारे को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जिसने पूछताछ में बताया कि सारा खेल अधिकारियों की जानकारी में था और हर महीने मोटी रकम ‘साहब’ को पहुंचती थी। दुकान में लगे CCTV की डीवीआर भी अब तक उड़नदस्ता को नहीं सौंपी गई है, जिससे संदेह और बढ़ गया है।

Also Read: Bhilai Cyber Fraud: भिलाई में चल रहा था ‘जामताड़ा स्टाइल’ में साइबर ठगी, टेलीग्राम बग के नाम पर वसूले विदेशियों से पैसे

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button