Dhamtari Crime: धमतरी में गाली देने से मना करने पर चाकू से ऐसा गोद डाला कि अंतड़ियां बाहर आ गई, इलाज के दौरान मौत

Dhamtari Crime: धमतरी के दानीटोला महिमासागर वार्ड में हाल ही में हुए दो हत्या के मामलों ने स्थानीय निवासियों को हिला कर रख दिया है। पहला मामला पटाखा फोड़ने से मना करने पर हत्या का है, जबकि दूसरे मामले में गाली गलौच करने से मना करने पर एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। इस घटना में विकास ध्रुव नामक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।

6 जून की रात करीब 11:15 बजे, अनसुईया ध्रुव ने सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई कि सतनामी पारा के तीन लड़के उसके घर के सामने गाली-गलौज कर रहे थे। जब उसके बेटे सुरज और विकास ने उन्हें मना किया, तो उन तीनों ने गाली देते हुए उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि उन्होंने धारदार चाकू से विकास के पेट में वार किया, जिससे उसकी अंतड़ियां बाहर आ गईं। इसके अलावा, एक अन्य आरोपी ने ईंट के टुकड़े से भी विकास को मारा, जिससे उसे चेहरे पर चोट आई।

विकास को तुरंत बठेना अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उसकी हालत बिगड़ने पर उसे वैदही अस्पताल, भाठागांव चौक, रायपुर में रिफर किया गया। हालांकि, 12 जून की सुबह इलाज के दौरान विकास की मृत्यु हो गई। शाम तक उसका अंतिम संस्कार धमतरी में कर दिया गया।

इस मामले में थाना सिटी कोतवाली के प्रभारी राजेश मरई ने बताया कि विकास ध्रुव के मामले में दो नाबालिग सहित तीन आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया था। हत्या की धारा अब अलग से जोड़ी जाएगी और आगे की कार्रवाई जारी है।

यह घटना न केवल धमतरी के निवासियों के लिए एक चेतावनी है, बल्कि यह हमें यह भी सोचने पर मजबूर करती है कि समाज में हिंसा और असहिष्णुता के बढ़ते स्तर को कैसे नियंत्रित किया जाए।

Also Read: CG NEWS : प्रेमी और पूर्व प्रेमी ने प्रेमिका से किया सामूहिक दुष्कर्म, मोबाइल का चार्जर लौटाने के बहाने ले गए थे जंगल

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button