धमतरी में अवैध गुटका फैक्ट्री का भंडाफोड़: पुलिस ने मारा छापा, ₹13 लाख से ज्यादा का माल जब्त, 1 गिरफ्तार

धमतरी: Dhamtari News: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध पान मसाला मैन्युफैक्चरिंग फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने रूद्री थाना क्षेत्र के ग्राम शकरवारा स्थित एक गोदाम और मकान में छापा मारकर मौके से 13 लाख 41 हजार 555 रुपए मूल्य का सामान जब्त किया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

बिना अनुमति बन रहा था ‘आशिकी’ पान मसाला

यह कार्रवाई एसपी सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर की गई, जिसमें खाद्य विभाग के अधिकारी भी पुलिस टीम के साथ मौजूद थे। पुलिस ने ग्राम शकरवारा, थाना रूद्री स्थित गोदाम में दबिश देकर आरोपी प्रहलाद मूलवानी (49 वर्ष), निवासी सिहावा चौक, धमतरी को गिरफ्तार किया।

जाँच में पता चला कि आरोपी बिना किसी अनुमति के ‘आशिकी’ नामक पान मसाला का अवैध रूप से निर्माण और भंडारण कर रहा था। यह सामग्री मानव स्वास्थ्य को हानि पहुँचाने वाली थी।

क्या-क्या हुआ जब्त?

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से पान मसाला बनाने में इस्तेमाल होने वाली मशीनें, भारी मात्रा में कच्चा माल, तैयार पान मसाला के पाउच और मोबाइल फोन समेत कुल ₹13 लाख 41 हजार 555 रुपए का सामान जब्त किया।

पुलिस ने आरोपी प्रहलाद मूलवानी के खिलाफ थाना रूद्री में धारा 318 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। धमतरी पुलिस ने साफ किया है कि जिले में अवैध व्यापार, मादक पदार्थ और जनस्वास्थ्य को प्रभावित करने वाले उत्पादों के खिलाफ उनका अभियान लगातार जारी रहेगा।

Also Read: Video: मेघा एनीकट बना मौत का कुआँ: तेज बहाव में बाइक सहित बहे 2 युवक, प्रशासन बेखबर

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button