
छत्तीसगढ़ के मिनी गोवा कहे जाने वाले धमतरी के गंगरेल बांध में कल, 22 मार्च को एक ऐतिहासिक जल उत्सव होने जा रहा है। जिला प्रशासन पहली बार यहां ‘महानदी रिवर बोट चैंपियनशिप’ का आयोजन कर रहा है। इस प्रतियोगिता को लेकर पूरे जिले में जबरदस्त उत्साह है और तैयारियां अब अंतिम दौर में हैं। रविवार दोपहर 3 बजे से शुरू होने वाले इस ईवेंट में पानी की लहरों पर नावों की रफ्तार का रोमांच देखने को मिलेगा। कलेक्टर ने इस अनोखे खेल महोत्सव में शामिल होने के लिए प्रदेशभर के खेल प्रेमियों को न्योता दिया है।
पर्यटन को नई पहचान: गंगरेल बनेगा वाटर स्पोर्ट्स का बड़ा केंद्र
इस भव्य आयोजन के पीछे प्रशासन की सोच धमतरी में जल पर्यटन (वाटर टूरिज्म) को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। गंगरेल बांध अपनी खूबसूरती के लिए मशहूर है, लेकिन अब इसे साहसिक खेलों के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की कोशिश की जा रही है। इस चैंपियनशिप के जरिए स्थानीय नाविकों और युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक बड़ा मंच मिलेगा। अधिकारियों का मानना है कि ऐसे आयोजनों से न केवल स्थानीय रोजगार बढ़ेगा, बल्कि गंगरेल छत्तीसगढ़ के पर्यटन मानचित्र पर और मजबूती से उभरेगा।

इनामों की बौछार: विजेता टीम के लिए 1 लाख का मेगा प्राइज
प्रतियोगिता को दिलचस्प बनाने के लिए प्रशासन ने भारी भरकम इनामी राशि की घोषणा की है। चैंपियनशिप जीतने वाली टीम को 1 लाख रुपये का प्रथम पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं, दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 50 हजार और तीसरे स्थान के लिए 25 हजार रुपये का नकद इनाम तय किया गया है। खेल के साथ-साथ रचनात्मकता को बढ़ावा देने के लिए ‘बेस्ट बोट डेकोरेशन’ और ‘बेस्ट कॉस्ट्यूम’ के लिए भी 11 हजार रुपये का विशेष पुरस्कार रखा गया है। प्रतिभागी अपनी नावों को सजाकर और पारंपरिक वेशभूषा में उतरकर इस जल उत्सव की रौनक बढ़ाएंगे।
रजिस्ट्रेशन का आखिरी मौका: आज शाम 5 बजे तक जमा करें फॉर्म
अगर आप भी इस रोमांचक दौड़ का हिस्सा बनना चाहते हैं, तो आज पंजीयन का अंतिम अवसर है। इच्छुक टीमें 500 रुपये का मामूली शुल्क जमा कर 20 मार्च की शाम 5 बजे तक अपना रजिस्ट्रेशन करा सकती हैं। आवेदन और प्रतियोगिता से जुड़ी किसी भी तकनीकी जानकारी के लिए प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर 996966732 और 0972009730 जारी किए हैं। टीमों को सुरक्षा के कड़े मानकों का पालन करना होगा और लाइफ जैकेट जैसे जरूरी उपकरणों के साथ ही पानी में उतरने की अनुमति दी जाएगी।

कलेक्टर की खास अपील: सुरक्षा के साथ मनाएं जश्न
धमतरी कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जिले के युवाओं और आम जनता से अपील की है कि वे इस ऐतिहासिक आयोजन के गवाह जरूर बनें। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि धमतरी की संस्कृति और पर्यटन की नई पहचान का उत्सव है। प्रशासन ने दर्शकों के बैठने और सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं। कलेक्टर ने प्रतिभागियों से आग्रह किया है कि वे नियमों का सख्ती से पालन करें ताकि खेल भावना और सुरक्षा दोनों बनी रहे। रविवार को गंगरेल का नजारा किसी अंतरराष्ट्रीय वाटर स्पोर्ट्स ईवेंट जैसा रहने की उम्मीद है।



