CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें NEET UG काउंसलिंग शुरू, नवा रायपुर में पहला डिजिटल संग्रहालय, आबकारी टीम पर हमला, धान खरीदी बैठक, बस्तर ओलंपिक में 40 हजार खिलाड़ी, भूपेश बघेल का सरकार पर हमला, आंगनबाड़ी में करंट से मासूम की मौत, मंत्रालय कर्मचारियों का बस पास बंद, निजी स्कूल स्टाफ को मिलेगा ESI लाभ और छत्तीसगढ़ बनेगा 60 हजार मेगावाट बिजली उत्पादन वाला राज्य समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।

नीट यूजी 2025 की द्वितीय चरण काउंसलिंग आज से शुरू

NEET UG Counselling: छत्तीसगढ़ में एमबीबीएस और बीडीएस पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए नीट यूजी 2025 की द्वितीय चरण काउंसलिंग आज से शुरू हो रही है। अभ्यर्थियों के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 17 सितंबर तय की गई है, जबकि संस्था चयन की आखिरी तिथि 18 सितंबर है। पहले से पंजीकृत छात्रों को भी अपग्रेडेशन का विकल्प मिलेगा। समस्त जानकारी और रिक्त सीटों की सूची www.cgdme.in पर उपलब्ध है। शिक्षा संचालनालय ने अभ्यर्थियों से सतर्क रहने और किसी एजेंट या बिचौलिये पर भरोसा न करने की अपील की है।

नवा रायपुर में बनेगा देश का पहला डिजिटली जीवंत संग्रहालय

Digital Museum Raipur: नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह आदिवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय लगभग तैयार है। राज्योत्सव के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका उद्घाटन करेंगे। यहां डिजिटल स्क्रीन के जरिए हल्बा विद्रोह, भूमकाल विद्रोह, सरगुजा विद्रोह जैसे आदिवासी संघर्षों की झलक मिलेगी। संग्रहालय में क्यूआर कोड स्कैन से जानकारी, कॉफी टेबल बुक, सेल्फी प्वाइंट और दिव्यांगजन के लिए विशेष सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

रायगढ़ में आबकारी टीम पर हमला, FIR दर्ज

Excise Team Attack: रायगढ़ जिले के पुसौर थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने गई आबकारी टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। टीम से गाली-गलौज और मारपीट की गई, जिसके बाद आबकारी उप निरीक्षक की रिपोर्ट पर दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। बताया गया कि महुआ शराब बनाने और बेचने की शिकायत पर टीम बरपाली गांव गई थी। सरपंच के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ।

धान खरीदी को लेकर मंत्रिमंडलीय उप समिति की बैठक

Paddy Procurement Meeting: मंत्रालय महानदी भवन में खाद्य मंत्री दयालदास बघेल की अध्यक्षता में मंत्रिमंडलीय उप समिति की बैठक हुई। आगामी खरीफ वर्ष 2025-26 में किसानों का पंजीकरण एग्रीस्टेक और एकीकृत किसान पोर्टल दोनों पर होगा। समर्थन मूल्य पर खरीदी का भुगतान समय पर सुनिश्चित करने, बारदाने की उपलब्धता और अवैध धान की रोकथाम के लिए विशेष जांच दल गठित करने के निर्देश दिए गए।

बस्तर ओलंपिक में 40 हजार खिलाड़ी होंगे शामिल

Bastar Olympics: अक्टूबर-नवंबर में होने वाले बस्तर ओलंपिक में 40 हजार से अधिक खिलाड़ी 11 खेलों में कौशल दिखाएंगे। उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा ने तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल खेल प्रतियोगिता नहीं बल्कि बस्तर युवाओं के सशक्तिकरण और भयमुक्त वातावरण बनाने का प्रयास है। आयोजन का ध्येय वाक्य रखा गया है “करसाय ता बस्तर, बरसाय ता बस्तर।”

भूपेश बघेल का सरकार पर हमला, कहा- अपराध का गढ़ बन गया है प्रदेश

Law and Order Baghel: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ में बढ़ते अपराधों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हत्या, लूट, डकैती और नशे की घटनाओं से राज्य अपराध का गढ़ बन गया है। गृहमंत्री विजय शर्मा को निशाने पर लेते हुए उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार पर सरकार लगाम नहीं लगा पा रही है। साथ ही, नक्सल मुद्दे पर कहा कि निर्दोष आदिवासियों को नक्सली बताकर कार्रवाई न की जाए।

आंगनबाड़ी में करंट से मासूम की मौत

Anganwadi Accident Kondagaon: कोंडागांव जिले के पदेली गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में करंट लगने से ढाई साल की मासूम माहेश्वरी यादव की मौत हो गई। परिजनों और ग्रामीणों ने विभागीय लापरवाही का आरोप लगाया, क्योंकि बिजली व्यवस्था लंबे समय से खराब थी। घटना के बाद आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका को बर्खास्त कर दिया गया है।

मंत्रालय के कर्मचारियों की बस पास सुविधा बंद

Bus Pass Raipur: नवा रायपुर मंत्रालय में कार्यरत कर्मचारियों की मुफ़्त बस पास सुविधा 1 अक्टूबर से बंद कर दी जाएगी। इस फैसले से कर्मचारियों में नाराजगी है। उनका कहना है कि बढ़ते किराए और कम भत्ते के कारण रोजाना आना-जाना मुश्किल होगा। कर्मचारियों ने पुरानी सुविधा बहाल करने या 2000 रुपये मासिक वाहन भत्ता देने की मांग की है।

निजी स्कूल कर्मचारियों को मिलेगा ESI का लाभ

ESI for Private Schools: हाईकोर्ट ने ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के निजी और सहायता प्राप्त स्कूल अब कर्मचारी राज्य बीमा अधिनियम 1948 के दायरे में आएंगे। कोर्ट ने साफ किया कि शिक्षा संस्थान भी “स्थायी स्थापना” की श्रेणी में आते हैं और यहां कार्यरत कर्मचारियों को स्वास्थ्य बीमा और सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिलना चाहिए।

छत्तीसगढ़ बनेगा 60 हजार मेगावाट बिजली उत्पादन वाला राज्य

Power Generation Chhattisgarh: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नवा रायपुर में आयोजित 97वीं नेशनल कॉन्फ्रेंस “फोरम ऑफ रेगुलेटर्स” में कहा कि आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ 60 हजार मेगावाट बिजली उत्पादन वाला राज्य बनेगा। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत 5 लाख घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाए जाएंगे। उपभोक्ताओं को 75% तक सब्सिडी दी जा रही है।

Also Read: Ayushman Bharat Yojana: छत्तीसगढ़ को आयुष्मान भारत योजना के तहत केंद्र से 130 करोड़ और मिलेंगे, गड़बड़ी करने वाले 118 अस्पतालों पर कार्रवाई

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button