आधीरात श्मशान घाट में तांत्रिक साधना, हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस की फोटो देख दंग रह गए लोग, मामले का ऐसे हुआ खुलासा

Bilaspur Black Magic Case: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक अजीबोगरीब और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम देवरी स्थित श्मशान घाट में आधी रात को तांत्रिक क्रिया किए जाने को लेकर हड़कंप मच गया। आरोप है कि कुछ युवक हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा और दो अन्य लोगों की तस्वीरें रखकर तंत्र-मंत्र कर रहे थे। संदिग्ध गतिविधि देखकर ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की, जिसके बाद तीन युवक भाग निकले जबकि एक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया।

श्मशान घाट में आधी रात को संदिग्ध पूजा

देवरी गांव के मुक्तिधाम में देर रात चार युवकों की मौजूदगी से ग्रामीणों को संदेह हुआ। जब लोग एकजुट होकर श्मशान घाट पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गए। मौके पर पूजा सामग्री, सिंदूर, नीबू, नारियल, मरी हुई मछली और हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस की तस्वीर रखी हुई थी। ग्रामीणों की आहट सुनते ही चारों युवक भागने लगे, लेकिन लोगों ने पीछा करके एक युवक को दबोच लिया और पुलिस को सूचना दी।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। वीडियो में पुलिसकर्मी पकड़े गए युवक से पूछताछ करते नजर आ रहे हैं। सवाल पूछे जाने पर युवक ने खुद को पढ़ा-लिखा बताते हुए तंत्र-मंत्र की बात से शुरुआत में इनकार किया। पकड़े गए युवक की पहचान बिलासपुर के राजकिशोर नगर निवासी ऋषिकेश कुमार के रूप में हुई है। उसने शुरुआत में दावा किया कि वह प्रॉपर्टी के काम से गांव में घूमने आया था।

जेल में बंद साथियों की जमानत दिलाने के नाम पर तांत्रिक का बहकावा

पुलिस की कड़ाई से पूछताछ में मामले का असल कारण सामने आया। आरोपी ने बताया कि वह सोशल मीडिया के माध्यम से एक कथित तांत्रिक के संपर्क में आया था। तांत्रिक ने दावा किया था कि यदि श्मशान घाट में चीफ जस्टिस की तस्वीर रखकर विशेष तांत्रिक क्रिया की जाएगी, तो कोर्ट में लंबित मामले में जेल में बंद उनके साथियों को आसानी से जमानत मिल जाएगी। इसी बहकावे में आकर आरोपी तंत्र साधना करने पहुंचे थे।

चाकूबाजी के मामले से जुड़ा है पूरा तार

पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी का एक रिश्तेदार प्रियांशु पूर्व में चाकूबाजी के मामले में जेल जा चुका है और हाल ही में छूटा है। हालांकि, उसके कुछ अन्य साथी अभी भी जेल में बंद हैं, जिनकी जमानत याचिका हाईकोर्ट में लंबित है। उन्हीं साथियों को कानूनी प्रक्रिया से राहत दिलाने के लिए तांत्रिक के कहने पर यह कदम उठाया गया था।

पूर्व में भी आ चुके हैं ऐसे मामले

देवरी गांव के श्मशान घाट में इस तरह की घटना पहली बार नहीं हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, पहले भी यहां तंत्र-मंत्र से जुड़ी गतिविधियां देखी गई हैं, जिससे स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश है। घटना की रात ग्रामीणों ने पकड़े गए युवक की धुनाई भी कर दी थी, जिसे बाद में मौके पर पहुंची पुलिस टीम के हवाले किया गया।

पुलिस कर रही है पूरे मामले की जांच

सीपत थाना पुलिस ने मौके से मिली पूजा सामग्री और तस्वीरों को जब्त कर लिया है। पुलिस प्रशासन इस बात की जांच कर रहा है कि इस फर्जी तांत्रिक क्रिया के पीछे कौन-कौन शामिल हैं। फरार हुए अन्य तीन युवकों की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अंधविश्वास फैलाने और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: छत्तीसगढ़ में एक भी झोलाछाप डॉक्टर नहीं! स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का बड़ा दावा, बोले- शिकायत मिली तो होगी कड़ी कार्रवाई

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button