
रायपुर: CG Census: केंद्र सरकार ने साल 2027 में होने वाली जनगणना के पहले चरण के लिए पूर्व-परीक्षण (Pre-test) आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसी के तहत छत्तीसगढ़ सहित देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मकान सूचीकरण और आवास जनगणना का काम शुरू होने जा रहा है।
10 नवंबर से 30 नवंबर तक चलेगा गणना का काम
छत्तीसगढ़ में 10 नवंबर 2025 से विशेष रूप से चयनित नमूना क्षेत्रों (Selected Sample Areas) में मकानों की गणना का काम शुरू हो जाएगा। यह महत्वपूर्ण प्रक्रिया 30 नवंबर 2025 तक चलेगी, जो जनगणना के पहले चरण की तैयारी का हिस्सा है।
डिजिटल माध्यम से ‘स्व-गणना’ का भी विकल्प
जनगणना प्रक्रिया को आधुनिक और सुविधाजनक बनाने के लिए निवासियों को स्व-गणना (Self-enumeration) का भी विकल्प दिया गया है। 1 नवंबर से 7 नवंबर 2025 तक नागरिक डिजिटल माध्यम से अपनी जानकारी प्रस्तुत कर सकेंगे। यह सुविधा मुख्य सर्वेक्षण से पहले लोगों को अपनी जानकारी भरने का मौका देगी।

जनगणना 2027 की तैयारी का अहम चरण
केंद्र सरकार द्वारा आयोजित यह पूर्व-परीक्षण जनगणना 2027 की तैयारियों का एक अहम हिस्सा है। इस चरण में, मकानों की सूची तैयार की जाएगी और आवास से जुड़ी बुनियादी जानकारी एकत्र की जाएगी, ताकि मुख्य जनगणना प्रक्रिया को सुचारु और सटीक तरीके से पूरा किया जा सके।



