मुंबई की महिला बाइकर की धमतरी में मौt, इंस्टाग्राम पर शेयर की थी ‘Let’s Explore Bastar’ स्टोरी, ऐसे हुई दुर्घटना की शिकार

Dhamtari Biker Girl Road Accident: मुंबई की रहने वाली 23 वर्षीय महिला बाइक राइडर रिद्धि ठक्कर की छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। रिद्धि 23 महिला बाइकर्स के एक समूह के साथ रायपुर से बस्तर की यात्रा पर निकली थीं। हादसे से महज 15 घंटे पहले उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर ‘Let’s Explore Bastar’ लिखकर एक स्टोरी भी पोस्ट की थी। धमतरी जिले के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर मरकाटोला घाट के करीब एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी।

20 बाइक और कार के साथ बस्तर के लिए निकला था 23 युवतियों का ग्रुप

प्राप्त जानकारी के अनुसार मुंबई के कांदिवली वेस्ट की रहने वाली रिद्धि ठक्कर अपने ग्रुप के साथ रायपुर पहुंची थीं। 12 अगस्त की सुबह करीब 23 युवतियों का दल 20 बाइक्स और एक कार के साथ कांकेर की ओर रवाना हुआ था। धमतरी पार करने के बाद समूह की 17 राइडर्स आगे निकल चुकी थीं, जबकि रिद्धि अपनी दो अन्य सहेलियों के साथ थोड़ा पीछे चल रही थीं। इसी दौरान मरकाटोला घाट के घुमावदार मोड़ पर सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रेलर ने उनकी बाइक (MH 12 SP 0835) को अपनी चपेट में ले लिया।

सहेली अमिता बैस ने बताया हादसे का पूरा घटनाक्रम

रिद्धि की सहेली और रायपुर निवासी अमिता बैस ने पुलिस को बताया कि वे तीनों राइडर्स ग्रुप के सबसे पीछे चल रही थीं। अचानक सामने से आए तेज रफ्तार ट्रेलर ने रिद्धि की बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रिद्धि सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद चालक ट्रेलर लेकर मौके से फरार हो गया। वहां मौजूद सहेलियों और स्थानीय लोगों ने तुरंत 112 डायल कर पुलिस को घटना की जानकारी दी।

चारामा स्वास्थ्य केंद्र से धमतरी के श्रीराम अस्पताल रेफर की गईं रिद्धि

गंभीर रूप से घायल रिद्धि को तत्काल चारामा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें धमतरी के श्रीराम अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही धमतरी नगर निगम के महापौर रामू रोहरा भी अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि घायल अवस्था में युवती को अस्पताल लाया गया था, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।

जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम, परिजनों को सौंपी जाएगी देह

पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल धमतरी के चीरघर भेजा, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। हादसे की सूचना मुंबई में रहने वाले रिद्धि के पिता दिव्येश ठक्कर और अन्य परिजनों को दे दी गई है। परिजन मुंबई से रायपुर के लिए रवाना हो चुके हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा, जिसे वे विमान के जरिए मुंबई ले जाएंगे।

फरार ट्रेलर चालक की तलाश में जुटी धमतरी पुलिस

घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मरकाटोला और जगतरा घाटी क्षेत्र के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि टक्कर मारने वाले अज्ञात ट्रेलर और उसके चालक की पहचान की जा सके। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों और साथ चल रहे अन्य राइडर्स के बयान भी दर्ज कर रही है।

Also Read: Kurud-Visakhapatnam Road Accident: कुरूद-विशाखापत्तनम मार्ग पर भीषण सड़क हादसा: रेलिंग से टकराई तेज रफ्तार बाइक, चालक की मौके ही थमीं सांसें

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button