Kurud MLA Kokdi Khaira Bhent Mulaqat: कुरुद के कोकड़ी-खैरा पहुंचे विधायक अजय चंद्राकर: ग्रामीणों ने रखी मांगे, जनहित के विकास कार्यों को जल्द पूरा करने का मिला भरोसा

Kurud MLA Ajay Chandrakar Kokdi Khaira Bhent Mulaqat: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के कुरुद विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम कोकड़ी-खैरा में एक विशेष भेंट-मुलाकात कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान क्षेत्रीय विधायक और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने सीधे ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनसे मुलाकात की और उनकी मांगे सुनीं. ग्रामीणों ने गांव के विकास को लेकर कई मांगें विधायक के सामने रखीं, जिन्हे पूरा करने का भरोसा दिया गया है.

गांव में बोर खनन और पाइप लाइन विस्तार की रखी मांग

बैठक के दौरान ग्रामीणों ने गांव के भीतर लंबे समय से चली आ रही पानी की समस्या का मुद्दा उठाया. लोगों ने विधायक अजय चंद्राकर से नए बोर खनन कराने और मोहल्लों में पाइप लाइन विस्तार की मांग की ताकि हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंच सके. इसके अलावा छोटे बच्चों की सुविधा के लिए एक नए आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण और सार्वजनिक वितरण प्रणाली को सुचारू रूप से चलाने के लिए शासकीय राशन दुकान के नए भवन निर्माण की आवश्यकता जताई.

नेशनल हाईवे 30 को जोड़ने वाले बाईपास मार्ग के निर्माण की उठी बात

इस भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में ग्रामीणों ने आवागमन को सुगम बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण सड़क निर्माण का प्रस्ताव भी विधायक के सामने रखा. ग्रामीणों ने मांग की कि खैरा भाठाखार से मोंगरा होते हुए नेशनल हाईवे 30 तक एक नए बाईपास मार्ग का निर्माण कराया जाए. इस बाईपास के बनने से क्षेत्र के कई गांवों के लोगों को जिला मुख्यालय और राष्ट्रीय राजमार्ग तक पहुंचने में काफी आसानी होगी.

जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का मिला भरोसा

ग्रामीणों की पूरी बात सुनने के बाद विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि इन सभी विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण अंचलों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है और जनता से जुड़े कामों में किसी भी तरह की देरी नहीं होने दी जाएगी. इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष गीतेश्वरी साहू, जनपद सदस्य कुलेश्वरी साहू, मंडल अध्यक्ष कृष्णकांत साहू, सरपंच योगेश्वरी, थानेश्वर साहू, नंदनी साहू, पंच रमाकांत साहू, जामुन यादव, गोदावरी कंवर, कुमारी बाई कंवर, शैलेंद्र साहू, नीता साहू, रमेश्वर नवरंगे, बलीराम ध्रुव, नरोत्तम साहू, जनक राम, रेखराज,सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.

Also Read: CG Krishak Unnati Yojana: छत्तीसगढ़ में धान छोड़ इन सात प्रमुख फसल उगाने पर मिलेंगे 15,000 रुपये प्रति एकड़: जानिए कैसे करना है आवेदन और किन दस्तावेजों की होगी जरूरत

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button