India Zimbabwe Women T20 Raipur: रायपुर में 16 अक्टूबर को भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 मैच, मुख्यमंत्री साय की पहल से स्टेडियम में इन्हे मिलेगी फ्री एंट्री

India Vs Zimbabwe Women T20 Match Free Entry: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अंतरराष्ट्रीय स्तर के महिला क्रिकेट मुकाबले को लेकर खेलप्रेमियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। आगामी 16 अक्टूबर 2026 को शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच रोमांचक टी-20 इंटरनेशनल मुकाबला खेला जाएगा। छत्तीसगढ़ के इतिहास में यह पहला मौका है जब किसी महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच की मेजबानी राज्य को मिल रही है। इस ऐतिहासिक आयोजन को और अधिक खास बनाने के लिए राज्य सरकार और क्रिकेट संघ ने मिलकर एक बड़ा निर्णय लिया है, जिसके तहत मैच देखने आने वाली सभी महिलाओं के लिए स्टेडियम में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मिले क्रिकेट संघ के पदाधिकारी

CM Vishnudeo Sai Free Entry Decision: मैच के सफल आयोजन की तैयारियों के सिलसिले में छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने मंत्रालय महानदी भवन पहुंचकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से औपचारिक मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को आगामी भारत-जिम्बाब्वे टी-20 मुकाबले का आधिकारिक आमंत्रण पत्र सौंपा। मुख्यमंत्री ने आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए प्रदेश में पहली बार होने जा रहे इस अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैच के लिए क्रिकेट संघ के सभी सदस्यों को बधाई दी और आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

प्रदेश की बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए एक प्रेरणादायी अवसर

International Women Cricket Raipur 2026: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर कहा कि छत्तीसगढ़ की खेल यात्रा में यह मुकाबला एक स्वर्णिम अध्याय की तरह है। उन्होंने कहा कि देश और दुनिया की शीर्ष स्तर की महिला क्रिकेट खिलाड़ियों को अपनी ही धरती पर खेलते देखना प्रदेश की उभरती हुई बेटियों और युवा महिला खिलाड़ियों के लिए बेहद प्रेरणादायी अनुभव साबित होगा। ऐसे आयोजनों से बालिकाओं में यह विश्वास और अधिक मजबूत होगा कि उचित मार्गदर्शन, कठिन परिश्रम और सही मंच मिलने पर वे भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फलक पर देश व प्रदेश का नाम रोशन कर सकती हैं।

मुख्यमंत्री के विशेष सुझाव पर महिलाओं के लिए प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क

India Zimbabwe Women T20 Raipur: इस मुकाबले को लेकर प्रदेशभर की महिलाओं और खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्सुकता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने एक जनहितैषी सुझाव दिया था। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक मैच में महिलाओं की अधिक से अधिक उपस्थिति और सहभागिता सुनिश्चित की जानी चाहिए, जिसके लिए महिला दर्शकों का प्रवेश निशुल्क रखा जाना उचित रहेगा। मुख्यमंत्री के इस सकारात्मक सुझाव पर छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों ने तत्काल अपनी सहमति जता दी। इस निर्णय के बाद छत्तीसगढ़ ही नहीं बल्कि देश के अन्य हिस्सों से आने वाली महिला दर्शक भी बिना किसी टिकट शुल्क के इस मुकाबले का आनंद ले सकेंगी।

अंतरराष्ट्रीय मैच के लिए रायपुर स्टेडियम में प्रशासनिक और खेल तैयारियां पूरी

Shaheed Veer Narayan Singh Stadium Match: छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ और जिला प्रशासन के सहयोग से मैच के लिए सभी आवश्यक तैयारियां अंतिम चरण में पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और दर्शकों के बैठने की व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए अधिकारियों की ड्यूटी तय कर दी गई है। मैच के दौरान खेलप्रेमियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। इस ऐतिहासिक मुकाबले के गवाह बनने के लिए खेल प्रेमियों में भारी जोश देखा जा रहा है।

Also Read: देश की पहली पुरुष राज्य स्तरीय हॉकी लीग की मेजबानी करेगा छत्तीसगढ़, जानिए पूरा शेड्यूल

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button